जगदलपुर: सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय मार्केट स्थित दुकान में हुई चोरी की घटना का बस्तर पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आ...
जगदलपुर:
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय मार्केट स्थित दुकान में हुई चोरी की घटना का बस्तर पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई ₹63,000 की नगदी में से शेष ₹4,000 नगद तथा चोरी की रकम से खरीदे गए कपड़े, जूते और म्यूजिक स्पीकर बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में जिले में अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस ने इस चोरी की घटना को सुलझाने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शिवराम यादव ने दिनांक 13 जनवरी 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी संजय मार्केट, दुकान नंबर 22 में होलसेल नारियल की दुकान है। दिनांक 8 जनवरी 2026 को वह घरेलू कार्य से केशकाल गया हुआ था। लौटने पर 9 जनवरी की सुबह दुकान खोलने पहुंचा तो ताला टूटा हुआ मिला तथा दराज में रखे ₹60,000 नगद एवं ₹3,000 सिक्के, कुल ₹63,000 अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिए गए थे।
मामले में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेहियों की पहचान की और त्रिलोचन उर्फ सोनू कश्यप, इरफान सिद्दीकी एवं कुशल नायडु को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार करते हुए रकम आपस में बांटने की बात कही।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम से खरीदे गए कपड़े, जूते, म्यूजिक स्पीकर तथा शेष ₹4,000 नगद को जप्त कर तीनों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
त्रिलोचन उर्फ सोनू कश्यप (19 वर्ष), निवासी अटल आवास, साई नगर, जगदलपुर
इरफान सिद्दीकी (19 वर्ष), निवासी नयामुण्डा, रविंद्रनाथ टैगोर वार्ड, जगदलपुर
कुशल नायडु (35 वर्ष), निवासी चांदनी चौक, जगदलपुर
महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारी
निरीक्षक: भोला सिंह राजपूत
उप निरीक्षक: छबील तांडेकर, अरुण मरकाम
आरक्षक: प्रकाश नायक, रंगलाल खरे, बलराम कश्यप, त्रिनाथ कश्यप, उत्तम ध्रुव
बस्तर पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्यवाही से क्षेत्र के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।


No comments