जगदलपुर: बस्तर जिले के तोकापाल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम परपा में बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। करीब 1.91 ...
जगदलपुर:
बस्तर जिले के तोकापाल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम परपा में बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। करीब 1.91 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 50 सीटर पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास का लोकार्पण बस्तर सांसद महेश कश्यप द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्थानीय छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में जनजातीय नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।
सांसद महेश कश्यप ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम छोर तक बैठी बेटियों को मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि इस छात्रावास के शुरू होने से दूर-दराज क्षेत्रों की छात्राओं को अब पढ़ाई के लिए आवास संबंधी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने इसे क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की मजबूत नींव बताते हुए कहा कि बेहतर बुनियादी सुविधाएं ही उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करती हैं।
कार्यक्रम में मौजूद चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान अब बस्तर के ग्रामीण इलाकों में भी प्रभावी रूप से जमीन पर उतर रहा है।
इस मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, सदस्य पदमनी कश्यप, कामदेव बघेल, जनपद अध्यक्ष रामबती भंडारी, उपाध्यक्ष रितेश दास जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
यह छात्रावास न केवल छात्राओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराएगा, बल्कि बस्तर के अंदरूनी क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



No comments