अस्पताल पहुंचकर जाना स्वास्थ्य का हाल, परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा जगदलपुर, 24 अगस्त 2026। सड़क हादसे में घायल पुलिस जवानों का हाल जा...
अस्पताल पहुंचकर जाना स्वास्थ्य का हाल, परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा
जगदलपुर, 24 अगस्त 2026। सड़क हादसे में घायल पुलिस जवानों का हाल जानने वन मंत्री श्री केदार कश्यप सोमवार को डिमरापाल स्थित कॉन्टिनेंटल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल जवानों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। साथ ही जवानों के परिजनों से आत्मीय बातचीत कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मंत्री श्री कश्यप ने अस्पताल के चिकित्सकों से चर्चा कर घायल जवानों की उपचार प्रक्रिया और रिकवरी की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्वर्गीय बलिराम कश्यप मेमोरियल मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अनुरूप साहू तथा कॉन्टिनेंटल अस्पताल के सहायक महाप्रबंधक डॉ. संतोष कुमार सिंह से उपचार व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने चिकित्सकों को घायल जवानों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं रखने के निर्देश दिए।
मंत्री ने बताया कि घायल सभी जवान सुरक्षित हैं और उनका समुचित उपचार जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार घायल जवानों के इलाज को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और आवश्यकतानुसार हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
ज्ञात हो कि 23 अगस्त को वन मंत्री श्री केदार कश्यप ग्राम फरसागुड़ा (भानपुरी) से कोंडागांव में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान भानपुरी थाना क्षेत्र में कोंडागांव की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने काफिले के पायलट वाहन को पार करते हुए मंत्री के वाहन के साइड मिरर को छू लिया। इसके बाद स्कॉर्पियो स्पेयर वाहन से टकराते हुए काफिले के फॉलो वाहन से जा भिड़ी।
हादसे में फॉलो वाहन के चालक सहित उसमें सवार पुलिस जवान घायल हो गए। दुर्घटना के तत्काल बाद मंत्री श्री कश्यप ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर उपचार के लिए जगदलपुर रेफर किया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
मंत्री के अस्पताल पहुंचकर घायल जवानों और उनके परिजनों से मुलाकात करने तथा चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश देने से सरकार की ओर से घायलों के उपचार को लेकर गंभीरता और संवेदनशीलता भी सामने आई है।


No comments