दंतेवाड़ा में जनजातीय गौरव दिवस पर जिला स्तरीय समारोह, मेला-मड़ई को भव्य स्वरूप देने और गौरव वाटिका विकसित करने की पहल जगदलपुर (विमलेंदु शेख...
दंतेवाड़ा में जनजातीय गौरव दिवस पर जिला स्तरीय समारोह, मेला-मड़ई को भव्य स्वरूप देने और गौरव वाटिका विकसित करने की पहल
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा)। जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपराओं को सम्मान दिलाने के उद्देश्य से जनजातीय गौरव दिवस पर दंतेवाड़ा में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर स्थित मेंढका डोबरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में जनजातीय लोककला, संस्कृति और परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिली। विभिन्न विभागों ने शासन की योजनाओं और विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई।
समारोह में वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय महानायकों की वीरता, संघर्ष और बलिदान को देश-दुनिया के सामने लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। जनजातीय गौरव दिवस के माध्यम से देश को अपने इतिहास और गौरवशाली विरासत को स्मरण करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के अनेक महापुरुषों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश, समाज और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया, लेकिन इतिहास में उन्हें अपेक्षित स्थान नहीं मिला।
मंत्री कश्यप ने मानगढ़ में संत गोविंद गुरु के नेतृत्व में हुए जनजातीय आंदोलन और वहां हुए बलिदान का उल्लेख करते हुए कोमाराम भीम, अल्लूरी सीताराम राजू और रानी कमलापति जैसे जनजातीय महानायकों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि इन महान व्यक्तित्वों के संघर्ष और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।
मेला-मड़ई को मिलेगा भव्य स्वरूप, बनेगी गौरव वाटिका
जिले की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन पर जोर देते हुए मंत्री कश्यप ने कलेक्टर को मेला-मड़ई आयोजनों को भव्य स्वरूप देने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूली बच्चों को जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण कराने तथा जिले में जनजातीय गौरव वाटिका विकसित करने के लिए वन विभाग को आवश्यक कार्ययोजना बनाने को कहा।
विधायक चैतराम अटामी ने जनजातीय संस्कृति, परंपरा, लोककला और भाषा को समाज की विशिष्ट पहचान बताते हुए इनके संरक्षण और नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता जताई। जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने जनजातीय महानायकों को नमन करते हुए स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज के योगदान को अविस्मरणीय बताया।
पद्मश्री विभूतियों सहित प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह में पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती और पद्मश्री डॉ. रामचंद्र गोडबोले को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों और उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जनजातीय समाज की विविधता, लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मांडवी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि संतोष गुप्ता, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, डीएफओ रामकृष्ण रंगनाथ वाय, जिला पंचायत सीईओ एम. भार्गव सहित जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, मांझी-चालकी, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



No comments