असामाजिक तत्वों पर निगरानी के लिए रानी गदिया के पास 112 वाहन नियमित खड़ा करने की भी मांग जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा)। दलपत सागर की नवीन चौ...
असामाजिक तत्वों पर निगरानी के लिए रानी गदिया के पास 112 वाहन नियमित खड़ा करने की भी मांग
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा)। दलपत सागर की नवीन चौपाटी में बढ़ती कथित असामाजिक गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक के नाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने चौपाटी के समीप पुलिस चौकी स्थापित करने के साथ ही रानी गदिया के पास पुलिस की डायल 112 गाड़ी नियमित रूप से तैनात करने की मांग की है।
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने बताया कि नगर निगम द्वारा दलपत सागर के मुख्य द्वार के सामने संचालित चौपाटी को स्थानांतरित कर रानी गदिया के सामने नई जगह पर स्थापित किया गया है। यहां खान-पान की दुकानें और गुमटियां संचालित हैं, जहां शाम के समय बड़ी संख्या में शहरवासी परिवार के साथ पहुंचते हैं। नेताओं का आरोप है कि चौपाटी के आसपास कुछ असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ रहा है। उनके अनुसार, कुछ युवक बाइक और कार से स्टंट करते हैं, सड़क पर जन्मदिन मनाने के दौरान पटाखे फोड़ते हैं तथा छोटी-छोटी बातों पर विवाद कर राहगीरों को परेशान करते हैं। खुलेआम नशाखोरी की गतिविधियां होने का आरोप भी लगाया गया है।
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता जावेद खान ने कहा कि चौपाटी में आने वाले नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए वहां पुलिस चौकी की आवश्यकता है। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष विशाल खंबारी ने कहा कि सुबह से देर रात तक असामाजिक तत्वों की मौजूदगी बनी रहती है, जिस पर पुलिस को प्रभावी नियंत्रण करना चाहिए। वहीं शेख जाहिद ने भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए रानी गदिया के पास डायल 112 वाहन की नियमित तैनाती की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से चौपाटी और आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने तथा नागरिकों के लिए सुरक्षित एवं निर्भीक वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान स्थानीय पार्षद जाहिद हुसैन, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता जावेद खान, पूर्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय बिसाई, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष विशाल खंबारी, छात्र नेता नितेश और मोहम्मद नसीम उपस्थित थे।


No comments