सांसद महेश कश्यप और विधायक चैतराम अटामी ने स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अधिक अवसर सुनिश्चित करने की उठाई मांग जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा)।...
सांसद महेश कश्यप और विधायक चैतराम अटामी ने स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अधिक अवसर सुनिश्चित करने की उठाई मांग
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा)। दंतेवाड़ा स्थित एनएमडीसी की एल-1 एवं एल-2 भर्ती प्रक्रिया में बस्तर के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने और रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने की मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और उनके हितों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि स्थानीय युवाओं को उनके ही क्षेत्र में पर्याप्त रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। एनएमडीसी की एल-1 एवं एल-2 सहित अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में बस्तर के युवाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए, ताकि वे अपनी योग्यता और क्षमता के अनुरूप रोजगार प्राप्त कर सकें। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री इस विषय पर स्थानीय युवाओं के हित में सकारात्मक पहल करेंगे।
दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि दंतेवाड़ा सहित पूरे बस्तर के युवाओं में प्रतिभा और कार्यक्षमता की कमी नहीं है। बस्तर के प्राकृतिक संसाधनों से देश के विकास को गति मिल रही है, ऐसे में स्थानीय युवाओं को भी रोजगार के माध्यम से विकास की मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने एनएमडीसी की भर्ती में स्थानीय युवाओं को न्यायसंगत अवसर देने और उनकी अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय युवाओं के हितों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक पहल की जाए, ताकि बस्तर के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें और वे क्षेत्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविन्द कुंजाम, जिला पंचायत सदस्य सोमरू कड़ती, करण तामो, राजू कड़ती, रवि नाग, सुनील मंडावी, ईश्वर कुमार, सुनील मड़ावी, सुरेश कश्यप सहित अन्य युवा साथी एवं प्रतिनिधिमंडल के सदस्य उपस्थित रहे।


No comments