रायपुर : नक्सलियों से मुठभेड़ में घायल एसटीएफ के जवान कैलाश नेताम की अदम्य साहस और देशभक्ति ने आज पूरे देश का दिल जीत लिया। मुख्यमंत्री विष्...
रायपुर: नक्सलियों से मुठभेड़ में घायल एसटीएफ के जवान कैलाश नेताम की अदम्य साहस और देशभक्ति ने आज पूरे देश का दिल जीत लिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा नारायणपुर जिले में नक्सली मुठभेड़ में घायल जवानों से मिलने के लिए रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल पहुंचे थे।
जब मुख्यमंत्री साय ने अस्पताल में भर्ती कैलाश नेताम से घटना की जानकारी ली, तो घायल जवान ने बुलंद आवाज में कहा, "ठीक होते ही और मारूंगा"। उनकी इस हिम्मत और जज्बे ने सभी को कारगिल युद्ध के हीरो कैप्टन विक्रम बत्रा की याद दिला दी, जिन्होंने युद्ध के दौरान कहा था, "ये दिल मांगे मोर"।
मुख्यमंत्री साय ने नेताम की वीरता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे बहादुर जवानों के जज्बे से ही देश सुरक्षित है। उन्होंने अस्पताल में भर्ती अन्य जवानों से भी उनका हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी घायल जवानों की हिम्मत और साहस को सलाम किया और कहा कि सरकार उनकी हर संभव सहायता करेगी।
कैलाश नेताम की इस वीरता और अदम्य साहस की कहानी ने पूरे देश में एक नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया है। उनके इस जज्बे ने न केवल उनके साथियों बल्कि पूरे देशवासियों का हौसला बढ़ाया है।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि हमारे जवानों का साहस और देशभक्ति कभी नहीं डिगती। चाहे कितनी भी मुश्किलें क्यों न हों, वे हमेशा अपने देश की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं।
No comments