तीन कार और सात ऑटो बरामद, वाहनों के मालिकों और जंगल में छोड़े जाने के कारणों की जांच जारी सुकमा/कोन्टा (विमलेंदु शेखर झा)। छत्तीसगढ़ के सु...
तीन कार और सात ऑटो बरामद, वाहनों के मालिकों और जंगल में छोड़े जाने के कारणों की जांच जारी
सुकमा/कोन्टा (विमलेंदु शेखर झा)। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में कोन्टा थाना पुलिस ने ग्राम चिंताकोटा के जंगल से लावारिस हालत में खड़े 10 वाहनों को जब्त किया है। इनमें तीन कार और सात ऑटो शामिल हैं। पुलिस ने 13 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की। फिलहाल वाहनों के स्वामियों और उन्हें जंगल में लावारिस छोड़ने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को थाना कोन्टा पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम पंचायत डोण्डरा के अंतर्गत ग्राम चिंताकोटा के जंगल में कुछ कार और ऑटो संदिग्ध परिस्थितियों में लावारिस खड़े हैं। सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, जहां कुल 10 वाहन मिले।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में विधिवत जप्ती पत्रक तैयार कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत वाहनों को जब्त किया।
जब्त वाहनों में सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट डिजायर (TS 28 M 8831), भूरे-काले रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट (TS 10 EL 0671) और सफेद रंग की मारुति अर्टिगा (TS 11 ER 5378) शामिल हैं।
इसके अलावा सात ऑटो भी जब्त किए गए हैं। इनमें AP 26 TD 4892, TS 04 UB 0351, AP 05 TX 7582, AP 05 TB 7139, AP 20 TA 9802, AP 38 WG 1857 और AP 39 WS 6337 क्रमांक के वाहन शामिल हैं।
पुलिस ने सभी वाहनों को अपने कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जब्त वाहनों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। जंगल में इतनी बड़ी संख्या में वाहन लावारिस हालत में मिलने के कारणों और उनके वास्तविक स्वामियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इन वाहनों को चिंताकोटा के जंगल में किस उद्देश्य से खड़ा किया गया था और इनके मालिक कौन हैं।


No comments