सुकमा/कोंडागांव, छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में माओवाद से त्रस्त क्षेत्र के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। राज्य सरकार की आत्...
सुकमा/कोंडागांव, छत्तीसगढ़:
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में माओवाद से त्रस्त क्षेत्र के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। राज्य सरकार की आत्मसमर्पण नीति और 'नियत नेल्ला नार योजना' से प्रभावित होकर कुल 16 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है, जिनमें पीएलजीए बटालियन के दो हार्डकोर माओवादी भी शामिल हैं। सरेंडर करने वाले माओवादियों में एक महिला और एक पुरुष पर 8-8 लाख रुपये का इनाम घोषित था। साथ ही कुल 6 माओवादियों पर कुल मिलाकर 25 लाख रुपये का इनाम था।
ये सभी माओवादी छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में नक्सली हिंसा की बड़ी घटनाओं में शामिल रहे हैं। एसपी किरण चव्हाण, एएसपी उमेश गुप्ता और सीआरपीएफ तथा पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में इन माओवादियों ने हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। यह घटनाक्रम माओवाद के प्रभाव को कम करने की दिशा में एक अहम मील का पत्थर माना जा रहा है।
इधर, बस्तर संभाग के कोंडागांव जिले के भोंगापाल में स्थित छठवीं शताब्दी के प्राचीन बौद्ध चैत्य गृह में बुद्ध जयंती महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह शामिल हुए। इस मौके पर गौतम बुद्ध की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
मुख्यमंत्री साय ने घोषणा की कि भोंगापाल को बस्तर में शांति का प्रतीक स्थल बनाया जाएगा। यहां 'बुद्ध शांति पार्क' का विकास किया जाएगा, जिसमें प्राकृतिक चिकित्सा, आध्यात्मिक साधना और शोध गतिविधियाँ संचालित होंगी।
बोधगया से पधारे बौद्ध साधु भंते अश्वजीत महाथेरा, भंते ज्ञानवंश थेरो, भंते शीलवंश थेरो सहित अन्य साधुओं ने पारंपरिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न करवाई। विधायक नीलकंठ टेकाम ने भी भोंगापाल के सर्वांगीण विकास का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर नुपुर राशि पन्ना, एसपी वाय अक्षय कुमार और बड़ी संख्या में बौद्ध अनुयायी उपस्थित रहे।
जहां एक ओर सुकमा में माओवादियों के आत्मसमर्पण से शांति की उम्मीद जगी है, वहीं दूसरी ओर भोंगापाल जैसे ऐतिहासिक स्थलों को विकास और अध्यात्म का केंद्र बनाकर सरकार बस्तर को स्थायी शांति और समृद्धि की दिशा में ले जाने का प्रयास कर रही है।
No comments