जगदलपुर: बस्तर की राजनीति में चल रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच महापौर संजय पाण्डे ने कांग्रेस पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि...
जगदलपुर:
बस्तर की राजनीति में चल रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच महापौर संजय पाण्डे ने कांग्रेस पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार भ्रामक प्रचार और नकारात्मक राजनीति के सहारे जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
महापौर पाण्डे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने मंत्री केदार कश्यप जैसे सर्वमान्य आदिवासी नेता को बदनाम करने की साजिश रची है। उन्होंने कहा –
कांग्रेस भली-भांति जानती है कि बस्तर में उसकी राजनीतिक ज़मीन खिसक चुकी है। श्री केदार कश्यप का सौम्य और सहज व्यक्तित्व ही उनकी लोकप्रियता की सबसे बड़ी ताकत है। जनता उनसे सीधे जुड़ती है और उनकी समस्याओं का समाधान पाती है।
भानपुरी घटना पर तीखी प्रतिक्रिया:
महापौर पाण्डे ने हाल ही में भानपुरी में हुई घटना पर कड़ा आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा मंत्री कश्यप के निवास कार्यालय का घेराव, तोड़फोड़, पत्थरबाज़ी और ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी से मारपीट लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है।
उन्होंने कहा –
सत्ता से बाहर होने की बौखलाहट में कांग्रेस अब हिंसक और असंवैधानिक रास्ता अख्तियार कर चुकी है। यह जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
झूठे आरोप कांग्रेस की पुरानी आदत:
संजय पाण्डे ने कहा कि सोशल मीडिया पर झूठे आरोप और मनगढ़ंत कहानियां फैलाना कांग्रेस की पुरानी आदत है। केवल आरोप लगाने से वे साबित नहीं हो जाते। उन्होंने इसे लोकतंत्र और जनता की भावनाओं के साथ छल बताया।
भाजपा का संकल्प और विकास कार्य:
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पबद्ध है। मंत्री केदार कश्यप लगातार आदिवासी समाज और बस्तर के विकास के लिए कार्यरत हैं।
उन्होंने कटाक्ष किया –
कांग्रेस की धरना-प्रदर्शन और घेराव की राजनीति उसकी हताशा को दर्शाती है। दीपक बैज की लोकप्रियता में गिरावट के चलते कांग्रेस इस तरह के हथकंडे अपना रही है, लेकिन इसमें उसे मुंह की खानी पड़ेगी।
जनता करेगी कांग्रेस को खारिज:
महापौर पाण्डे ने अंत में कहा कि बस्तर की जनता कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को खारिज करेगी और भाजपा के प्रति अपने विश्वास को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में डूबी कांग्रेस का बस्तर में कोई भविष्य नहीं बचा है।


No comments