रायपुर: गायत्री मंदिर सिद्धपीठ समता कॉलोनी रायपुर के प्रांगण में चौबे समता कॉलोनी रिटायर्ड अधिकारी संघ द्वारा एक प्रेरणादायी संकल्प सम्मेलन ...
रायपुर:
गायत्री मंदिर सिद्धपीठ समता कॉलोनी रायपुर के प्रांगण में चौबे समता कॉलोनी रिटायर्ड अधिकारी संघ द्वारा एक प्रेरणादायी संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी, आरडीए एवं बीज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष श्याम बैस ने की। सम्मेलन के मुख्य अतिथि पूर्व अतिरिक्त संचालक शिक्षा डॉ. अंजनी कुमार शुक्ला तथा विशिष्ट अतिथि रिटायर्ड आईजी पी.एन. तिवारी और प्रख्यात कवि, लेखक एवं चिंतक संजीव कुमार ठाकुर रहे।
इस अवसर पर उपस्थित सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों ने सर्वसम्मति से यह संकल्प लिया कि नई पीढ़ी को सनातनी संस्कार, भारतीय संस्कृति और मानवीय मूल्यों से सुसंस्कृत करने का कार्य गायत्री मंदिर पीठ से प्रारंभ कर समाज के प्रत्येक परिवार तक विस्तारित किया जाएगा। साथ ही दीपावली पर्व पर बच्चों को पटाखे सावधानीपूर्वक चलाने और पर्यावरण की रक्षा का भी संकल्प लिया गया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में श्याम बैस ने कहा कि संस्कार और उत्तम शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है। सनातन धर्म, शिक्षा और संस्कृति हमें सद्गुणों की दिशा में प्रेरित करते हैं। यदि हम आने वाली पीढ़ी को सुसंस्कृत और संवेदनशील बनाएंगे, तो हमारा समाज और देश वैश्विक स्तर पर ऊँचाइयाँ प्राप्त करेगा।
कार्यक्रम का संचालन कुशलतापूर्वक डॉ. अंजनी कुमार शुक्ला ने किया। उन्होंने भगवद्गीता के संदेशों पर प्रकाश डालते हुए जीवन में धर्म, कर्तव्य और सदाचार की महत्ता बताई।
इस अवसर पर प्रसिद्ध कवि, साहित्यकार एवं गोल्डन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान प्राप्त संजीव कुमार ठाकुर को उनके 35 वर्षों के साहित्यिक योगदान और देश के विभिन्न समाचार पत्रों में पिछले पाँच वर्षों से निरंतर प्रकाशित रचनाओं के लिए शाल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने अपनी कविताओं और ग़ज़लों का सस्वर पाठ कर उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में पूर्व संयुक्त कलेक्टर अशोक तिवारी, पूर्व प्राचार्य आर.के. अग्रवाल, पूर्व नगरी प्रशासन संयुक्त संचालक अशोक चंद्राकर, पूर्व एफसीआई अधिकारी योगेंद्र श्रीवास्तव, कोऑपरेटिव बैंक अधिकारी आर.डी. मानिकपुरी, मत्स्य विभाग अधिकारी राजेंद्र सिंह ठाकुर, भूवैज्ञानिक सुनील पांडे, तथा अतिरिक्त संचालक अभियोजन ए.के. शुक्ला सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान पूर्व माइनिंग अधिकारी संजय शर्मा, पूर्व वन अधिकारी चंद्रकांत पांडे, पूर्व बैंक अधिकारी अश्विनी तिवारी, तथा श्री पवन शुक्ला का जन्मदिन भी उत्साहपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन पूर्व संयुक्त कलेक्टर अशोक तिवारी ने किया।
No comments