जगदलपुर, 11 फरवरी 2026: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भगत सिंह में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए भावनाओं से ओत-प्रोत विदाई समारोह...
जगदलपुर, 11 फरवरी 2026: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भगत सिंह में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए भावनाओं से ओत-प्रोत विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने अपने स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के साथ विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होने के लिए विदा किया।
समारोह की गरिमामयी उपस्थिति में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती विनीता बेंजामिन सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। इस अवसर पर श्रीमती आशा पटनायक, नीतू शर्मा, अंजू रावते, किरण महापात्र, अनामिका शर्मा, योजना देवांगन, भारती नामदेव, रोशनी शिंदे, पूजा गुप्ता, खिलेंदी बघेल, अनिल शुक्ला, अभिराम पटेल, सतपाल शर्मा, किरण चौहान एवं चन्द्र प्रकाश देवांगन ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन प्रदान किए। कार्यक्रम की प्रभारी श्रीमती नीतू शर्मा रहीं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सम्मान प्रदान किए गए। कक्षा 12वीं की छात्रा सविता को “मिस फेयरवेल”, अनीता को “मिस ओबीडिएंट” तथा महिमा को “मिस टॉकटिव” के खिताब से नवाजा गया। खेलकूद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर साक्षी को गोल्ड मेडल, अंजलि को सिल्वर मेडल तथा प्रियंका को ब्रॉन्ज मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आनंद मेला में स्वादिष्ट व्यंजन तैयार करने वाले विद्यार्थियों को भी प्राचार्य द्वारा विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया। कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
अपने संबोधन में प्राचार्य श्रीमती विनीता बेंजामिन ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को करियर संबंधी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह भावुक क्षणों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मधुर स्मृतियों के साथ संपन्न हुआ। विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि कक्षा 12वीं के विद्यार्थी भविष्य में विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।


No comments