जगदलपुर: ग्राम आसना में प्रस्तावित मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज़ हो गई हैं। केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah स...
जगदलपुर: ग्राम आसना में प्रस्तावित मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज़ हो गई हैं। केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah सहित चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी को देखते हुए बैठक स्थल और आसपास के क्षेत्रों को सजाने-संवारने का काम युद्धस्तर पर जारी है। इसी बीच ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रोहित पाणिग्राही ने सरकार और प्रशासन पर निशाना साधते हुए “दिया तले अंधेरा” की स्थिति बताई है।
रोहित पाणिग्राही ने जारी बयान में कहा कि वीआईपी दौरे को लेकर बादल अकादमी और बैठक परिसर को जगमगाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही, लेकिन जिस हाईवे मार्ग से वीआईपी काफिला गुजरेगा, उसी ग्राम आसना में लगी सोलर स्ट्रीट लाइटें पिछले छह महीनों से बंद पड़ी हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल गांववासियों की परेशानी नहीं, बल्कि इस मार्ग से रोजाना गुजरने वाले हजारों यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अंधेरे के कारण हाईवे पर दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है, लेकिन प्रशासन आम लोगों की समस्याओं को नजरअंदाज कर केवल वीआईपी कार्यक्रमों की तैयारियों में व्यस्त है। पाणिग्राही ने कहा कि जब बड़े नेताओं का दौरा होता है, तब अचानक सड़कें चमकने लगती हैं और व्यवस्थाएं दुरुस्त दिखाई देने लगती हैं, जबकि आम दिनों में जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान रहती है।
कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि क्या विकास केवल बैठकों, फोटो सेशन और वीआईपी दौरों तक सीमित रह गया है? उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में जनहित को प्राथमिकता देती है, तो ग्राम आसना के हाईवे पर बंद पड़ी सोलर स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराया जाना चाहिए, ताकि स्थानीय लोगों और यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि वीआईपी तैयारियों के साथ-साथ आम जनता की समस्याओं पर भी गंभीरता से ध्यान दिया जाए।


No comments