उपभोक्ताओं से भरवाए गए ‘स्मार्ट विरोधी आवेदन’, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना बहाल करने की मांग जगदलपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के आह...
उपभोक्ताओं से भरवाए गए ‘स्मार्ट विरोधी आवेदन’, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना बहाल करने की मांग
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के निर्देश पर उत्तर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने बिजली बिलों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में बुधवार को शहर के विभिन्न वार्डों में डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया। उत्तर ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने विवेकानंद वार्ड, अनुकूल देव वार्ड, प्रवीर वार्ड, सिविल लाइन और अब्दुल कलाम वार्ड में पहुंचकर बिजली उपभोक्ताओं से संवाद किया।
अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपभोक्ताओं से ‘स्मार्ट विरोधी आवेदन’ भरवाए और बिजली बिलों में बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर तथा बिजली राहत योजनाओं से जुड़ी उनकी आपत्तियों एवं समस्याओं को दर्ज किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली की बढ़ती कीमतों से आम उपभोक्ता, मध्यमवर्गीय परिवार, गरीब, छोटे व्यापारी और किसान आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं।
उत्तर ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव ने कहा कि बिजली प्रत्येक परिवार की मूलभूत आवश्यकता है। ऐसे में बिजली बिलों में बढ़ोतरी आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर भी उपभोक्ताओं के बीच कई तरह की आशंकाएं और शिकायतें सामने आ रही हैं। सरकार को इन चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
कांग्रेस ने मांग की कि बिजली बिलों में की गई बढ़ोतरी को वापस लिया जाए और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाकर उपभोक्ताओं की आपत्तियों का निराकरण किया जाए। साथ ही 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः बहाल करने की मांग भी दोहराई गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अभियान के दौरान बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने आवेदन भरकर अपनी समस्याएं और मांगें कांग्रेस के समक्ष रखीं। पार्टी ने स्पष्ट किया कि बिजली से जुड़े जनहित के मुद्दों को लेकर वह उपभोक्ताओं के साथ खड़ी रहेगी और आगामी दिनों में मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
अभियान के दौरान प्रभारी अतिरिक्त शुक्ला, मंडल अध्यक्ष दंतेश्वर राव, पंचराज, पार्षद सुशीला बघेल, जाहिद हुसैन, राकेश मौर्य, अफरोज बेगम, खीरेंद्र यादव सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



No comments