Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

दिव्यांगजनों का सर्वे कर जरूरत के मुताबिक कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराएं : कमिश्नर डोमन सिंह

यह भी पढ़ें -

आंगनबाड़ी केंद्रों में स्मार्ट टीवी और डिजिटल लर्निंग की व्यवस्था पर जोर, रिक्त पदों की भर्ती माहांत तक पूरी करने के निर्देश जगदलपुर(विमलें...

आंगनबाड़ी केंद्रों में स्मार्ट टीवी और डिजिटल लर्निंग की व्यवस्था पर जोर, रिक्त पदों की भर्ती माहांत तक पूरी करने के निर्देश

जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा): बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाज कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक ग्राम पंचायत में दिव्यांगजनों का सर्वे कर उनकी वास्तविक जरूरतों का चिन्हांकन करने और आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र दिव्यांगजनों को पेंशन योजनाओं का लाभ दिलाने में प्राथमिकता बरतने को कहा।

कमिश्नर ने कहा कि दिव्यांगजनों को उपकरण उपलब्ध कराने के लिए क्लस्टर अथवा ब्लॉक स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। पूर्व में वितरित किए गए कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों की भी जांच कराई जाए। यदि किसी उपकरण में सुधार या बदलाव की जरूरत है तो उसे तत्काल सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपकरण दिव्यांगजनों के लिए पूरी तरह उपयोगी साबित हो सकें।

बुजुर्गों और महिलाओं को योजनाओं से जोड़ने पर जोर

सामाजिक सहायता कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने पात्र बुजुर्गों एवं महिलाओं का प्रत्येक माह चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को निर्धारित पेंशन योजनाओं से जोड़कर उन्हें नियमित रूप से योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी केंद्रों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर डोमन सिंह ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों और माताओं को समेकित बाल विकास सेवाओं का समुचित लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने केंद्रों में आवश्यक सामग्री और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए जिला स्तर के साथ ग्राम पंचायत स्तर से भी आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा।

उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को स्कूल पूर्व शिक्षा से जोड़ने के लिए नवाचारपूर्ण प्रयास करने पर जोर दिया। बच्चों की सीखने में रुचि बढ़ाने के लिए स्मार्ट टेलीविजन की व्यवस्था करने तथा डिजिटल लर्निंग मटेरियल तैयार कर रोचक और सहज तरीके से शिक्षा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक स्तर पर बच्चों में सीखने की आदत और रुचि विकसित होने से उनके भविष्य के शैक्षणिक विकास को मजबूत आधार मिलेगा।

रिक्त पदों पर भर्ती समय सीमा में पूरी करने के निर्देश

कमिश्नर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त कार्यकर्ता एवं सहायिका के पदों पर भर्ती प्रक्रिया को भी प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भर्ती प्रक्रिया माहांत तक पूर्ण कर इसकी प्रगति का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए, ताकि आगामी माह समीक्षा बैठक में इसकी विस्तृत समीक्षा की जा सके।

बैठक में डिप्टी कमिश्नर गीता रायस्त सहित समाज कल्याण एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संभाग और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। विभिन्न जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

No comments