ओडिशा से मथुरा ले जा रहे थे गांजा, जब्त मादक पदार्थ की कीमत 4.25 लाख रुपये जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा)। बस्तर जिले के नगरनार थाना क्षेत्र ...
ओडिशा से मथुरा ले जा रहे थे गांजा, जब्त मादक पदार्थ की कीमत 4.25 लाख रुपये
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा)। बस्तर जिले के नगरनार थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8.500 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के मथुरा जाने की तैयारी में थे।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 27 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक और युवती नीले रंग के बैग में गांजा लेकर धनपुंजी आरटीओ नाका के पास वाहन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर नगरनार पुलिस की टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और संदिग्धों से पूछताछ की। उन्होंने अपनी पहचान नरेंद्र दास (21) और संचिता दास (20), निवासी वृंदावन गेट, मथुरा, उत्तर प्रदेश के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान दोनों के बैग से गांजे के चार पैकेट बरामद हुए। इनका कुल वजन 8.500 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 120 रुपये नकद और लावा कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 151/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20(ख) में मामला दर्ज किया है। दोनों को गिरफ्तार कर प्रकरण में आगे की विवेचना की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अंशिका जैन के पर्यवेक्षण में की गई। नगरनार थाना प्रभारी निरीक्षक विकेश तिवारी के नेतृत्व वाली टीम में उपनिरीक्षक सतीश यदुराज, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक शकुंतला, आरक्षक दशरू नाग, यशवंत ध्रुव, विक्रम उरांव और सैनिक जगन्नाथ नाग शामिल रहे।


No comments