Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

Automatic Slideshow


सामान्य सभा में विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप, जनहित के सवालों पर चर्चा से पहले ही सदन समाप्त : राजेश चौधरी

यह भी पढ़ें -

तीन सामान्य सभाओं के मिनिट्स अब तक पार्षदों को नहीं मिले, राशन-पेंशन, जलभराव, स्ट्रीट लाइट और दलपत सागर जैसे मुद्दे नहीं उठ सके; कांग्रेस प...


तीन सामान्य सभाओं के मिनिट्स अब तक पार्षदों को नहीं मिले, राशन-पेंशन, जलभराव, स्ट्रीट लाइट और दलपत सागर जैसे मुद्दे नहीं उठ सके; कांग्रेस पार्षद दल सड़क पर उतरकर करेगा आंदोलन

जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा)। नगर निगम जगदलपुर की सामान्य सभा में विपक्ष के जनहित से जुड़े सवालों पर चर्चा का अवसर नहीं दिए जाने और सदन की कार्यवाही समय से पहले समाप्त किए जाने को लेकर कांग्रेस ने महापौर संजय पांडे और स्पीकर खेम सिंह देवांगन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने आरोप लगाया कि सामान्य सभा को लोकतांत्रिक चर्चा का मंच बनाने के बजाय सत्ता पक्ष की मनमानी का माध्यम बना दिया गया है। विपक्षी पार्षदों को जनता की समस्याएं उठाने से रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अधिकारों का अपमान है।

राजेश चौधरी ने कहा कि सामान्य सभा में विपक्ष शहर की बुनियादी समस्याओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाने की तैयारी के साथ पहुंचा था, लेकिन सत्ता पक्ष ने चर्चा का अवसर ही नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर, स्पीकर और निगम आयुक्त की कार्यशैली के चलते नगर निगम में पारदर्शिता और जवाबदेही लगातार कमजोर हो रही है। सदन में नियमों की बात करने वाले स्पीकर स्वयं उन नियमों का पालन सुनिश्चित नहीं कर पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सामान्य सभा में पारित कुछ प्रस्तावों पर विपक्ष ने निगम के आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए दोबारा निविदा प्रक्रिया अपनाने की मांग की थी, ताकि बेहतर दरें प्राप्त हो सकें और निगम के राजस्व की रक्षा हो। इसके बावजूद विपक्ष की आपत्तियों को दरकिनार कर बहुमत के आधार पर प्रस्ताव पारित कर दिए गए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि पिछली तीन सामान्य सभाओं की कार्यवाही का मिनिट्स अब तक पार्षदों को उपलब्ध क्यों नहीं कराया गया है। महापौर परिषद की बैठकों के निर्णयों की प्रतिलिपि भी सदस्यों तक नहीं पहुंचाई जा रही है। यह स्थिति निगम प्रशासन की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करती है।

नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि सामान्य सभा में अनुकूल देव वार्ड की पार्षद सुशीला बघेल वार्डों में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट और बिजली व्यवस्था का मुद्दा उठाने वाली थीं। मदन मोहन मालवीय वार्ड के पार्षद सूर्यापानी शहर में जलभराव, नालियों-पुलियों की समस्या, बीमारियों के खतरे और पेयजल व्यवस्था की अव्यवस्थाओं पर सवाल करने वाले थे। वहीं रविंद्रनाथ टैगोर वार्ड की पार्षद जया नाग राशन कार्ड, वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन से जुड़ी समस्याओं को सदन में रखना चाहती थीं।

इसी तरह मदर टेरेसा वार्ड के पार्षद शुभम यदू अधूरे विकास कार्य छोड़ने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई और उन्हें ब्लैकलिस्ट करने के महापौर के पूर्व आश्वासन का जवाब मांगने वाले थे। गांधीनगर वार्ड की पार्षद मनप्रीत कौर आंगनबाड़ी केंद्रों की बदहाल स्थिति और बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं का मुद्दा उठाने वाली थीं। अब्दुल कलाम वार्ड की पार्षद अफरोज बेगम ने अपने वार्ड के लिए स्वीकृत सामुदायिक भवन एवं विकास कार्यों की राशि दूसरे वार्डों में खर्च किए जाने को लेकर सवाल उठाने की तैयारी की थी।

राजेश चौधरी के अनुसार, शांति नगर वार्ड की पार्षद जस्टिन भवानी शराब दुकान के सामने हुई हत्या की घटना और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा करना चाहती थीं। वहीं पार्षद जाहिद हुसैन एवं गौतम पाणिग्रही दलपत सागर के संरक्षण, सफाई और शहर के बाढ़ प्रभावित परिवारों की समस्याओं को सदन में उठाना चाहते थे। इसके अलावा कैंसर पीड़ित मरीजों को राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड जैसी आवश्यक सुविधाएं समय पर नहीं मिलने का मुद्दा भी विपक्ष के लिए महत्वपूर्ण था।

उन्होंने आरोप लगाया कि सदन में महिला पार्षद जया नाग अपनी बात रख रही थीं। स्पीकर ने उनके प्रश्न के बाद अगला प्रश्न लेने का आश्वासन दिया था, लेकिन सत्ता पक्ष से संबंधित विषय समाप्त होते ही महापौर के इशारे पर राष्ट्रगान के साथ सामान्य सभा समाप्त कर दी गई। इससे महिला पार्षद को अपनी बात पूरी रखने का अवसर नहीं मिला। उन्होंने इसे महिला जनप्रतिनिधियों के सम्मान और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों की अनदेखी बताया।

राजेश चौधरी ने कहा कि सामान्य सभा शहर की जनता की समस्याओं पर चर्चा और उनके समाधान का सर्वोच्च लोकतांत्रिक मंच है, न कि महापौर या सत्ता पक्ष की निजी बैठक। बहुमत के आधार पर प्रस्ताव पारित करना अलग बात है, लेकिन विपक्ष के सवालों को सुनने तक का अवसर नहीं देना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।

उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस पार्षद दल जनता के अधिकारों, शहर के विकास, निगम में पारदर्शिता और जवाबदेही के मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगा। यदि सदन में जनहित के सवालों को लगातार दबाया गया और पार्षदों को अपनी बात रखने से रोका गया, तो कांग्रेस पार्षद दल जल्द ही सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि सदन में जनता की आवाज दबाई जा सकती है, लेकिन जनता के बीच उठने वाली आवाज को नहीं रोका जा सकता।

No comments