Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

महिलाओं के हाथों हरियाली की जिम्मेदारी जगदलपुर में शुरू हुआ वुमन फॉर ट्री अभियान

यह भी पढ़ें -

जगदलपुर:   शहर ने आज महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ते हुए नई मिसाल पेश की है। महापौर संजय पाण्डे की पहल और राज्य सरकार क...

जगदलपुर:  शहर ने आज महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ते हुए नई मिसाल पेश की है। महापौर संजय पाण्डे की पहल और राज्य सरकार के निर्देश पर नगर निगम ने अमृत मित्र योजना के अंतर्गत “वुमन फॉर ट्री अभियान” की शुरुआत की।

इस अनूठे अभियान की खासियत यह है कि पौधारोपण के साथ ही उनकी देखभाल की जिम्मेदारी महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपी गई है। महाराणा प्रताप वार्ड स्थित पुराने डंपिंग यार्ड में आयोजित कार्यक्रम में 300 पौधे लगाए गए, जिनकी सुरक्षा के लिए नगर निगम द्वारा ट्री गार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे।


जागरण महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष लक्ष्मी कश्यप, सदस्य सुलमणि डहरिया और डॉली बघेल को पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी दी गई। योजना के तहत शहर के तीन स्थानों – महाराणा प्रताप वार्ड डंपिंग यार्ड, कृष्ण कुंज और इंद्रावती नदी किनारे पर कुल 900 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।  अभियान की पारदर्शिता और सफलता सुनिश्चित करने के लिए पौधों की जियो टैगिंग की जाएगी और उनकी दैनिक रिपोर्ट तैयार की जाएगी।


महापौर संजय पांडे ने कहा:

हरियाली और स्वच्छता को बढ़ावा देने के साथ ही यह योजना महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता का अवसर देगी। जब महिलाएं समाज के कार्यों में जिम्मेदारी निभाती हैं, तो परिणाम अधिक सशक्त और स्थायी होते हैं। यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण की सौगात बनेगा।

उन्होंने आगे बताया कि यह पहल “एक पेड़ मां के नाम” जैसी अवधारणा पर आधारित है, जिसमें हर पेड़ की देखभाल महिला समूह करेगी। उन्होंने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा ने बताया कि शहर के प्रमुख मार्गों, उद्यानों, स्कूल परिसरों, नदी-नालों के किनारे और खाली सरकारी भूमि पर पौधारोपण होगा। पौधों की सुरक्षा और संवर्धन के लिए महिला समूहों को जिम्मेदारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा, प्रकृति का संतुलन बनाए बिना विकास कार्य स्थायी नहीं हो सकते। यही सोच अमृत मित्र योजना की आत्मा है।


इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पानीग्राही, पार्षद श्याम सुंदर बघेल, पर्यावरण कार्यकर्ता ट्री मैन संपत झा, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर रतन व्यास, सहित अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

जगदलपुर से शुरू हुआ यह अनूठा प्रयोग न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाएगा बल्कि पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रदेश के लिए एक मॉडल साबित हो सकता है। समाज की सक्रिय भागीदारी से यह योजना महज सरकारी कार्यक्रम न रहकर जन आंदोलन का रूप लेगी।

No comments