जगदलपुर: शहर में आवारा स्वानों से जुड़ी समस्याओं का समाधान और उनके संरक्षण व स्वास्थ्य की दिशा में नगर पालिक निगम जगदलपुर और स्ट्रे सेफ़ फा...
जगदलपुर: शहर में आवारा स्वानों से जुड़ी समस्याओं का समाधान और उनके संरक्षण व स्वास्थ्य की दिशा में नगर पालिक निगम जगदलपुर और स्ट्रे सेफ़ फाउंडेशन ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। इस संबंध में आयोजित बैठक में महापौर संजय पांडे, आयुक्त प्रवीण वर्मा एवं फाउंडेशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में शहर की वर्तमान स्थिति, नागरिकों की सुरक्षा और पशु कल्याण पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। महापौर संजय पांडे ने कहा कि – “मानव और पशु दोनों के सह-अस्तित्व को ध्यान में रखते हुए हमें संवेदनशीलता से कार्य करना होगा। सड़क पर रहने वाले स्वान भी हमारे पर्यावरण का हिस्सा हैं और उनके जीवन की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है।”
बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए
•शीघ्र ही शहर में स्वानों की नसबंदी अभियान प्रारंभ होगा, जिससे उनकी संख्या पर नियंत्रण और अनियंत्रित प्रजनन रोका जा सके।
•व्यापक टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा, ताकि स्वानों को खतरनाक बीमारियों से बचाव मिले और संक्रमण का खतरा कम हो।
•रेबीज संक्रमित स्वानों हेतु शेल्टर होम स्थापित किया जाएगा, जहां उन्हें सुरक्षित स्थान और उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी।
•नसबंदी व टीकाकरण के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की व्यवस्था पशु चिकित्सालय में सुनिश्चित की जाएगी।
आयुक्त प्रवीण वर्मा ने कहा कि निगम इस पहल को सफल बनाने के लिए हर संभव सहयोग देगा। स्ट्रे सेफ़ फाउंडेशन के अध्यक्ष लुप्तेश जगत, श्रीमती वंदना सोलंकी, आकाश यादव और सौरभ अहलूवालिया सहित अन्य सदस्यों ने भी समाज के सहयोग से इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
यह संयुक्त प्रयास न केवल शहरवासियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करेगा बल्कि बेघर स्वानों के जीवन एवं स्वास्थ्य की रक्षा में भी मील का पत्थर साबित होगा। इससे शहर में पशु संरक्षण और सार्वजनिक स्वास्थ्य की दिशा में एक नई और सकारात्मक शुरुआत होगी।


No comments