जगदलपुर: दुर्गा उत्सव के पावन अवसर पर नगर निगम जगदलपुर ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल की है। शहर के विभिन्न द...
जगदलपुर: दुर्गा उत्सव के पावन अवसर पर नगर निगम जगदलपुर ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल की है। शहर के विभिन्न दुर्गा पंडालों और मंदिरों से पूजन सामग्री एकत्रित करने के लिए विशेष पूजा सामग्री संग्रहण वाहन (ई-रिक्शा सेवा) का शुभारंभ किया गया।
इस सेवा का शुभारंभ आज श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार, टाउन हॉल परिसर से किया गया। कार्यक्रम में महापौर संजय पांडे, नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पानीग्राही, राणा घोस, त्रिवेणी रंधारी, योगेंद्र पांडे, संग्राम सिंह राणा, सहित पार्षदगण श्याम सुंदर बघेल, आशा साहू, पूनम सिन्हा, गायत्री बघेल, प्रकाश झा, अविनाश श्रीवास्तव, दिगंबर राव, विक्रम यादव, राजा यादव उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर रतन व्यास, झरना मोहंती, प्रभात चौहान, अनिमेश चौहान, अभिलाष यादव, मनोज ठाकुर भी इस अवसर पर विशेष रूप से शामिल हुए।
महापौर संजय पांडे ने कहा कि पूजा सामग्री का वैज्ञानिक तरीके से संग्रह और निस्तारण न केवल शहर की स्वच्छता बनाएगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक होगा। नगर निगम का यह प्रयास अन्य नगरों के लिए भी प्रेरणादायी पहल साबित होगा।
नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन ने बताया कि दुर्गा उत्सव के दौरान अलग-अलग पंडालों से ई-रिक्शा के माध्यम से नियमित रूप से पूजा सामग्री एकत्रित की जाएगी, जिससे नदियों और सार्वजनिक स्थलों में कचरा या सामग्री फेंकने की समस्या नहीं होगी।
स्वच्छ दुर्गा उत्सव अभियान की यह अभिनव शुरुआत नगरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संवर्धन का संदेश देने का प्रयास है।


No comments