जगदलपुर: लोहण्डीगुड़ा ब्लॉक के ग्रामीण इलाकों में विकास की रफ्तार तेज करने के उद्देश्य से आज दो अत्यंत महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का वि...
जगदलपुर:
लोहण्डीगुड़ा ब्लॉक के ग्रामीण इलाकों में विकास की रफ्तार तेज करने के उद्देश्य से आज दो अत्यंत महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया। कुल 537.52 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इन सड़कों का भूमिपूजन बस्तर सांसद महेश कश्यप और चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने संयुक्त रूप से किया।
पहला निर्माण कार्य ग्राम पंचायत मारडूम में प्रस्तावित है, जहां स्वास्थ्य केंद्र से घुमरकोंटा मार्ग तक 3 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी। इस सड़क निर्माण की स्वीकृत लागत 277.88 लाख रुपये है। सड़क बनने के बाद ग्रामीणों, मरीजों और स्थानीय निवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से स्वास्थ्य केंद्र तक पहुँच अब और सुगम हो जाएगी।
दूसरा सड़क निर्माण कार्य धुरागांव से दाबपाल तक 3 किलोमीटर लंबे मार्ग पर होगा, जिसकी लागत 259.64 लाख रुपये निर्धारित की गई है। यह सड़क धुरागांव क्षेत्र को दाबपाल और आसपास के ग्रामों से बेहतर रूप से जोड़ेगी, जिससे स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान सांसद महेश कश्यप ने कहा कि ये सड़कें ग्रामीण अंचल की जीवनरेखा साबित होंगी। उन्होंने कहा कि सड़कों के बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और दैनिक जीवन की आवश्यकताओं में ग्रामीणों को अत्यधिक सुविधा मिलेगी।
विधायक विनायक गोयल ने अपने उद्बोधन में कहा कि बस्तर के हर गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें विकास की आधारशिला होती हैं और आने वाले वर्षों में यह मार्ग क्षेत्र की तरक्की को गति देगा। उन्होंने जनभागीदारी को विकास की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए आम जनता का आभार व्यक्त किया।
भूमिपूजन कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, पूर्व विधायक लच्छुराम कश्यप, जनपद अध्यक्ष पदमा कश्यप, उपाध्यक्ष बसंत कश्यप, जिला पंचायत सदस्य चन्द्रभान कश्यप सहित जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
इन सड़क निर्माण कार्यों से लोहण्डीगुड़ा ब्लॉक के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


No comments