बीजापुर (विमलेंदु शेखर झा): आवापल्ली स्थित मिनी स्टेडियम में छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के तत्वावधान में आयोजित जनपद स्तरीय बस्तर प...
बीजापुर (विमलेंदु शेखर झा): आवापल्ली स्थित मिनी स्टेडियम में छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के तत्वावधान में आयोजित जनपद स्तरीय बस्तर पण्डुम 2026 का आयोजन पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य शंकरैया मड़वी ने जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा के साथ सहभागिता कर आयोजन की शोभा बढ़ाई।
इस अवसर पर बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति का जीवंत और प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला। जनजातीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक नृत्य, लोकगीत और नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेश-भूषा में सजे कलाकारों ने मंच पर बस्तर की परंपराओं, लोकजीवन और सांस्कृतिक पहचान को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।
खास बात यह रही कि कलाकारों ने अपनी-अपनी स्थानीय बोलियों में गीत और नृत्य प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों में बस्तर की माटी की खुशबू, लोकजीवन की सादगी और सांस्कृतिक चेतना साफ झलकती रही। बस्तर पण्डुम जैसे आयोजन न केवल लोकसंस्कृति के संरक्षण का कार्य करते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और जनजातीय कला को सम्मान दिलाने का सशक्त माध्यम भी बनते हैं।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष पूर्णिमा तेलम, आवापल्ली सरपंच ईश्वरी उईका, दोरला समाज संरक्षक नरेंद्र बुरका, संभागीय अध्यक्ष अनिल बुरका, आदिवासी समाज उसूर के बी.एस. नागेश सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया।




No comments