जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा): डिजिटल युग में मजबूत संचार व्यवस्था को विकास की रीढ़ बताते हुए बस्तर और कांकेर संसदीय क्षेत्रों में नेटवर्क व...
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा): डिजिटल युग में मजबूत संचार व्यवस्था को विकास की रीढ़ बताते हुए बस्तर और कांकेर संसदीय क्षेत्रों में नेटवर्क विस्तार और सेवा सुधार को लेकर अहम पहल की गई। जगदलपुर स्थित अविनाश इंटरनेशनल में भारतीय संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) बस्तर परिक्षेत्र दूरसंचार सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता बस्तर सांसद एवं समिति अध्यक्ष महेश कश्यप ने की। बैठक में कांकेर सांसद एवं समिति सदस्य भोजराज नाग विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में बस्तर एवं कांकेर के ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में नेटवर्क कवरेज बढ़ाने, नए मोबाइल टावर स्थापित करने, इंटरनेट सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने, 4G सेवाओं के विस्तार तथा उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित निराकरण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि सुदृढ़ दूरसंचार व्यवस्था शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासनिक कार्यों और सुरक्षा व्यवस्था के लिए अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नेटवर्क समस्या वाले क्षेत्रों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
वहीं सांसद भोजराज नाग ने कहा कि दूरस्थ एवं आदिवासी क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत होने से शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा और डिजिटल इंडिया के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।
बैठक में बीएसएनएल अधिकारियों ने बताया कि नेटवर्क अपग्रेडेशन और सेवा सुधार से जुड़े कार्य निरंतर प्रगति पर हैं। आने वाले समय में क्षेत्रवासियों को अधिक स्थिर, तेज और भरोसेमंद दूरसंचार सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है।
स्पष्ट है कि बस्तर और कांकेर में डिजिटल ढांचे को मजबूत करने की दिशा में जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से ग्रामीण अंचलों में संचार क्रांति का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।



No comments