जगदलपुर: टेनिस खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या और राष्ट्रीय स्तर पर बस्तर के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए जगदलपुर टेनिस संघ के पदाधिकारि...
जगदलपुर: टेनिस खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या और राष्ट्रीय स्तर पर बस्तर के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए जगदलपुर टेनिस संघ के पदाधिकारियों ने कलेक्टर आकाश चिक्कारा से मुलाकात कर इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में दो नए टेनिस कोर्ट निर्माण एवं पुराने कोर्ट के नवीनीकरण की मांग की।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग को पूर्व में ज्ञापन सौंपा जा चुका है। वर्तमान में स्टेडियम में केवल दो टेनिस कोर्ट उपलब्ध हैं, जिनमें एक समय में डबल्स के केवल आठ खिलाड़ी ही खेल सकते हैं। जबकि जिले में लगभग 100 खिलाड़ी नियमित रूप से टेनिस खेल रहे हैं और प्रशिक्षण ले रहे हैं। शाम की टेनिस अकादमी में 50 बालक-बालिकाएं सक्रिय रूप से अभ्यास कर रहे हैं।
संघ के अनुसार, कई खिलाड़ी अंडर-12, अंडर-14, अंडर-16 एवं अंडर-18 वर्ग में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बस्तर का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। हालांकि, मौजूदा एस्फाल्ट सिंथेटिक कोर्ट का मटेरियल अत्यधिक सख्त हो चुका है, जो अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ (आईटीएफ) के मानकों के अनुरूप नहीं है। इससे खिलाड़ियों में चोट का खतरा बना रहता है।
पदाधिकारियों ने बताया कि ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन के मानकों के अनुसार राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए न्यूनतम चार टेनिस कोर्ट अनिवार्य हैं। वर्तमान अधोसंरचना के अभाव में बस्तर को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी का अवसर नहीं मिल पा रहा है।
जगदलपुर टेनिस एसोसिएशन ने पिछले तीन वर्षों से संभाग स्तरीय टेनिस प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया है और अब राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता आयोजित करने की इच्छा एवं क्षमता रखता है।
संघ के अध्यक्ष डॉ. के. एल. आज़ाद, संरक्षक हरदीप सिंह गैदु, सचिव थॉमस फिलिप एवं कोषाध्यक्ष श्याम पंजियार सहित अन्य सदस्यों ने कलेक्टर के समक्ष प्रस्ताव रखा। कलेक्टर ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
टेनिस संघ को उम्मीद है कि शीघ्र ही खिलाड़ियों को बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध होगी, जिससे बस्तर में खेल प्रतिभाओं को नई दिशा मिलेगी और जिले को राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान प्राप्त होगी।


No comments