जिला – बस्तर , जगदलपुर दिनांक 01 मार्च 2026: ✍️ विमलेंदु शेखर झा: जगदलपुर में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी कर युवक को धमकाने और उसका मोबाइल...
जिला – बस्तर , जगदलपुर दिनांक 01 मार्च 2026:
✍️ विमलेंदु शेखर झा:
जगदलपुर में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी कर युवक को धमकाने और उसका मोबाइल व मोटरसाइकिल लूटकर फरार होने वाले आरोपी को बस्तर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना बोधघाट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उत्तर बस्तर कांकेर से गिरफ्तार किया।
प्रार्थी रूपेश कुमार कश्यप (20 वर्ष), निवासी राजनगर टू मलीपाड़ा, थाना बकावंड, जिला बस्तर ने 27 फरवरी 2026 को थाना बोधघाट में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि एसएससी (जीडी) की भर्ती के लिए फॉर्म भरने के दौरान उसकी मुलाकात मोहित यादव से हुई, जिसने खुद को सीआरपीएफ के खुफिया विभाग में कार्यरत बताते हुए सुकमा जिले में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इसके एवज में 3 लाख रुपये की मांग की गई।
आरोपी ने पढ़ाई के लिए किताब भी दिलाई और भरोसा दिलाया कि नौकरी पक्की है। प्रार्थी से 1,80,000 रुपये ले लिए गए। जब युवक को ठगी का आभास हुआ और वह पैसे वापस मांगने गया, तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसका मोबाइल और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल लूट ली और फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम मोहित यादव (26 वर्ष) है, जो मूलतः ग्राम दतावली, थाना मटसेना, जिला फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में धर्मपुरा एलआईसी रोड, थाना बोधघाट, जगदलपुर में रह रहा था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक अमित देवांगन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बोधघाट निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 28 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तारी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इन अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
निरीक्षक – लीलाधर राठौर
उप निरीक्षक – ललित नेगी, लोकेश्वर नाग
सहायक उप निरीक्षक – दिनेश उसेंडी
प्रधान आरक्षक – अहिलेश नाग, पवन श्रीवास्तव
आरक्षक – परमानंद भोयर, होरीलाल आर्मो


No comments