जगदलपुर, 13 मार्च 2026: तहसील नानगुर के ग्राम पंचायत बड़े बोदल में शुक्रवार को नवीन स्कूल भवन का लोकार्पण समारोह उत्साह और हर्षोल्लास के स...
जगदलपुर, 13 मार्च 2026:
तहसील नानगुर के ग्राम पंचायत बड़े बोदल में शुक्रवार को नवीन स्कूल भवन का लोकार्पण समारोह उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत बड़े बोदल की सरपंच श्रीमती सामबती नाग के निर्देश पर सरपंच पति श्री सुखनाथ नाग ने पंचगणों की उपस्थिति में फीता काटकर तथा माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना कर नए स्कूल भवन का विधिवत लोकार्पण किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने नए स्कूल भवन के निर्माण पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और शिक्षा के स्तर में भी सुधार होगा।
समारोह में विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती दुलेश्वरी कश्यप, शिक्षक श्री दिनेश कुमार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती फूलमती के साथ ही पंच श्री बुदरू, श्री रामलाल मंडावी, श्री बबलू कश्यप, श्री रूपचंद कश्यप, श्री कुमा नेताम सहित कई ग्रामीणजन मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राएं भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए और नए भवन के लोकार्पण पर अपनी खुशी व्यक्त की। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि नए स्कूल भवन से गांव के बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आएगा।


No comments