जगदलपुर: शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बोधघाट थाना से कमिश्नर कार्...
जगदलपुर: शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बोधघाट थाना से कमिश्नर कार्यालय तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य का शुक्रवार को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की रूपरेखा, तकनीकी मानकों और आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
निरीक्षण में महापौर संजय पांडेय, नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, सभापति निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज सहित नगर निगम के इंजीनियरों की टीम मौजूद रही।
निरीक्षण के दौरान टीम ने ड्रेन-टू-ड्रेन सड़क चौड़ीकरण, आरसीसी नाली निर्माण, विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग, पीएचई एवं अमृत मिशन के अंतर्गत बिछी पानी की पाइपलाइन और वाल्व शिफ्टिंग, तथा पुलिया निर्माण से संबंधित कार्यों का अवलोकन किया। आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि नगर निगम द्वारा इस मार्ग का चौड़ीकरण 167.54 लाख रुपये की लागत से किया जाना प्रस्तावित है। इस कार्य का भूमि पूजन कुछ दिन पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पांडेय, निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया था।
निरीक्षण के दौरान यह निर्णय लिया गया कि शहर में जलभराव की समस्या से बचने के लिए नालियों का निर्माण सड़क के लेवल के अनुरूप किया जाएगा और पानी के बहाव की दिशा को वैज्ञानिक ढंग से निर्धारित किया जाएगा। साथ ही जहां-जहां नालियों पर अतिक्रमण है, उन्हें व्यवस्थित कर सही स्वरूप में विकसित किया जाएगा।
सड़क मार्ग में स्थित पुराने पुलिया का भी चौड़ीकरण किया जाएगा ताकि बारिश के समय पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके। निर्माण कार्य के दौरान आने वाले विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर को शीघ्र शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। इसके अतिरिक्त पीएचई और अमृत मिशन के तहत बिछी पानी की पाइपलाइन और वाल्व को भी आवश्यकतानुसार स्थानांतरित किया जाएगा।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सड़क किनारे जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक स्थानों पर पुलिया का निर्माण किया जाए, ताकि बरसात के समय पानी का बहाव बाधित न हो। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को निर्माण कार्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, इंजीनियर अमर सिंह, दीपांशु देवांगन, संजीव कर्ण, जिला कार्यालय के भू-अभिलेख अधीक्षक बृजभूषण और आरआई कमलेश सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
महापौर संजय पांडेय ने कहा कि बोधघाट थाना से कमिश्नर कार्यालय तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य शहर के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इस मार्ग के चौड़ीकरण से यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी और नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही आरसीसी नाली निर्माण और बेहतर जल निकासी व्यवस्था से बरसात के समय जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। सड़क चौड़ीकरण के दौरान आने वाले विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर तथा पानी की पाइपलाइन को आवश्यकतानुसार शिफ्ट कर कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाएगा, ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।




No comments