जगदलपुर : जगदलपुर केंद्रीय जेल में नए अधीक्षक की नियुक्ति की गई है। शासन के आदेश के अनुसार तेजतर्रार अधिकारी अक्षय तिवारी को केंद्रीय जेल जग...
जगदलपुर : जगदलपुर केंद्रीय जेल में नए अधीक्षक की नियुक्ति की गई है। शासन के आदेश के अनुसार तेजतर्रार अधिकारी अक्षय तिवारी को केंद्रीय जेल जगदलपुर का अधीक्षक बनाया गया है। वे जल्द ही यहां पहुंचकर अपना पदभार संभालेंगे।
अक्षय तिवारी वर्तमान में सूरजपुर जेल में पदस्थ हैं। वहां उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और अनुशासन बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। उनकी कार्यशैली को देखते हुए शासन ने उन्हें जगदलपुर जैसे संवेदनशील क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी है।
गौरतलब है कि केंद्रीय जेल के अधीक्षक आर.आर. राय के सेवानिवृत्त होने के बाद शासन ने नई पदस्थापना का आदेश जारी किया है। जगदलपुर केंद्रीय जेल प्रशासनिक और सुरक्षा की दृष्टि से प्रदेश की महत्वपूर्ण जेलों में शामिल है।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण यहां की जेल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना प्रशासन के लिए अहम चुनौती रहती है। ऐसे में युवा और अनुभवी अधिकारी की नियुक्ति से जेल प्रबंधन को और बेहतर करने की उम्मीद जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, अक्षय तिवारी के मार्गदर्शन में जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों से जुड़े मामलों की पारदर्शिता और प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उनकी नियुक्ति को जेल प्रशासन के लिए सकारात्मक कदम माना जा रहा है।


No comments