जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा) : छत्तीसगढ़ शासन के बजट में महादेव घाट बैराज निर्माण के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किए जाने पर जगदलपुर नग...
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा) : छत्तीसगढ़ शासन के बजट में महादेव घाट बैराज निर्माण के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किए जाने पर जगदलपुर नगर निगम के महापौर संजय पांडेय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा भवन स्थित कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात कर आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने इस निर्णय को बस्तर संभाग, विशेषकर जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
महापौर संजय पांडेय ने कहा कि महादेव घाट बैराज के निर्माण से क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और जगदलपुर शहर को पेयजल आपूर्ति में बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि गर्मी के दिनों में महादेव घाट के पास बने इंटेकवेल में पानी पूरी तरह सूख जाने के कारण शहर की जलापूर्ति बाधित हो जाती है। बैराज बनने से इस समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा और नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के क्रियान्वयन से शहर के दीर्घकालिक विकास को नई दिशा मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुलाकात के दौरान बस्तर संभाग और जगदलपुर शहर के विभिन्न विकास कार्यों को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर के सर्वांगीण विकास के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव से भी सौजन्य भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। साथ ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल से भी मुलाकात कर बस्तर और जगदलपुर के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल में नगर निगम जगदलपुर के अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन, सभापति निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, योगेंद्र पांडेय, राणा घोष, संग्राम सिंह राणा, रितेश सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


No comments