जगदलपुर । भारतीय जनता पार्टी ने शहरी क्षेत्र में जनसंपर्क को मजबूती देने के उद्देश्य से “बस्ती चलो घर चलो अभियान” की शुरुआत कर दी है। शुक्रव...
जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी ने शहरी क्षेत्र में जनसंपर्क को मजबूती देने के उद्देश्य से “बस्ती चलो घर चलो अभियान” की शुरुआत कर दी है। शुक्रवार को इस अभियान का शुभारंभ पश्चिमी नगर मंडल के मां दंतेश्वरी शक्ति केंद्र और पूर्वी नगर मंडल के विवेकानंद शक्ति केंद्र से किया गया।
अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर आमजन से संवाद किया, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और हितग्राहियों से सीधा संपर्क स्थापित किया। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों का शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान भी किया गया, जिससे अभियान को सामाजिक जुड़ाव का स्वरूप मिला।
पश्चिमी नगर मंडल के अंतर्गत गंगानगर, दंतेश्वरी और राजेंद्र नगर वार्ड में कार्यकर्ताओं ने सघन जनसंपर्क किया। इस दौरान गंगानगर वार्ड की वरिष्ठ निवासी तुलसी ठाकुर एवं दंतेश्वरी वार्ड की लच्छिनदई ठाकुर का सम्मान किया गया। वहीं पूर्वी नगर मंडल के अनुकूल देव, विवेकानंद और अब्दुल कलाम वार्ड में भी कार्यकर्ताओं ने लोगों से सीधे संवाद कर योजनाओं की जानकारी दी और उनकी समस्याएं सुनीं।
मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा और अविनाश श्रीवास्तव ने बताया कि पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर इस अभियान की शुरुआत की गई है, जिसका उद्देश्य जनता के बीच पहुंचकर संवाद को और सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि शहर के 22 शक्ति केंद्रों के अंतर्गत आने वाले सभी 48 वार्डों में यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें मंडल पदाधिकारी, पार्षद, बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
यह अभियान आगामी दिनों में शहर के सभी वार्डों में जारी रहेगा, जिससे भाजपा का जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियां और अधिक सशक्त होने की उम्मीद है।



No comments