जगदलपुर: बस्तर संभाग के कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों...
जगदलपुर:
बस्तर संभाग के कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने जगदलपुर विकासखंड के पंडरीपानी तथा तोकापाल विकासखंड के तेलीमारेंगा और पलवा गांवों में चल रहे सर्वे, स्वास्थ्य जांच एवं उपचार कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि इस महत्वाकांक्षी अभियान का लाभ प्रत्येक परिवार और हर व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तक सीमित न रहकर लोगों के समग्र स्वास्थ्य सुधार का माध्यम बने।
कमिश्नर ने मितानिनों द्वारा संचालित दवा पेटी का अवलोकन करते हुए उपलब्ध दवाइयों की जानकारी ली और उनके कार्यों की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि मितानिनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं, जिनकी सक्रिय भागीदारी से ही अभियान सफल हो सकता है।
उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सर्वे दल के गांव में पहुंचने से कम से कम दो दिन पहले कोटवार के माध्यम से मुनादी कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को शिविर की जानकारी समय पर मिल सके। साथ ही व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
कमिश्नर ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सर्वे दल के आगमन पर ग्राम पंचायत कार्यालय खुला रहे और पंचायत सचिव, रोजगार सहायक एवं जनप्रतिनिधि दल को पूर्ण सहयोग प्रदान करें।
दौरे के दौरान उन्होंने विशेष रूप से दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करते हुए कहा कि इन इलाकों में शत-प्रतिशत स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों की पहचान कर उन्हें समय पर उच्च स्तरीय उपचार के लिए रेफर करने तथा गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।
कमिश्नर ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ राज्य शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य बस्तर के हर नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य जांच एवं उपचार सेवाएं पहुंचाना है। इसके सफल संचालन के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय और सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने, प्रगति की समीक्षा करने तथा विकासखंड एवं जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर सर्वे दलों को आवश्यक मार्गदर्शन देने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. महेश शांडिल्य, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




No comments