जगदलपुर: राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्य सचिव श्री विकास शील ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के...
जगदलपुर:
राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्य सचिव श्री विकास शील ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बस्तर संभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि “नियद नेल्लानार 2.0” के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ “बस्तर मुन्ने” अभियान के अंतर्गत विशेष शिविरों का आयोजन कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि शासन की प्राथमिकता दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में निवासरत प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए मैदानी स्तर पर विशेष अभियान चलाकर हितग्राहियों की पहचान करने और उन्हें विभिन्न योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक स्पष्ट, व्यवहारिक एवं समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर लक्ष्य आधारित कार्य सुनिश्चित करें।
उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित मॉनिटरिंग एवं प्रगति समीक्षा पर भी विशेष बल दिया। साथ ही निर्देश दिए कि बस्तर मुन्ने अभियान के तहत आयोजित शिविरों को और अधिक सशक्त एवं जनोपयोगी बनाया जाए, ताकि ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
मुख्य सचिव ने शिविरों में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने एवं विभागीय समन्वय को मजबूत करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त आगामी 01 मई से 10 जून तक आयोजित होने वाले “सुशासन तिहार” के लिए भी विस्तृत कार्ययोजना बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास सुश्री निहारिका बारिक सहित राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं जगदलपुर स्थित जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री सुंदरराज पी, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा तथा जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन मौजूद रहे।




No comments