जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा): केन्द्र सरकार द्वारा पारित नारीशक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में बुधवार को शहर के वीर सावरकर भवन में भव्य नारीशक...
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा): केन्द्र सरकार द्वारा पारित नारीशक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में बुधवार को शहर के वीर सावरकर भवन में भव्य नारीशक्ति वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने जागरूकता और सशक्तिकरण का संदेश देते हुए शहर में विशाल स्कूटी रैली भी निकाली, जिसमें विभिन्न समाजों और संस्थाओं की मातृशक्तियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक लता उसेण्डी ने कहा कि नारीशक्ति वंदन अधिनियम देश की महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने बताया कि इस कानून से लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा, जिससे उनकी भागीदारी सुनिश्चित होगी और लोकतंत्र और अधिक मजबूत, संवेदनशील एवं जवाबदेह बनेगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, जनधन खाते, शौचालय निर्माण और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाएं महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं ने भी प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
सम्मेलन के दौरान सामाजिक और सेवा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रबुद्ध महिलाओं को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में पद्मश्री बुधरी ताटी, मंजूषा जी, डॉ. ज्योति लागू, अनिता राज, सुषमा झा, शारदा पटेल, मीनाक्षी जोशी और आशा डोडिया प्रमुख रहीं।
कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। संचालन वंदना झा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे। सम्मेलन में महिलाओं की भारी भागीदारी ने यह संदेश दिया कि समाज में नारीशक्ति की भूमिका लगातार सशक्त और निर्णायक होती जा रही है।




No comments