जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा): केंद्र सरकार द्वारा संसद में प्रस्तुत ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर जनप्रतिनिधियों में उत्साहजनक प्रतिक्रिय...
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा): केंद्र सरकार द्वारा संसद में प्रस्तुत ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर जनप्रतिनिधियों में उत्साहजनक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। इसी क्रम में नगर पालिक निगम जगदलपुर के महापौर श्री संजय पांडेय ने इस विधेयक का जोरदार समर्थन करते हुए इसे लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरगामी कदम बताया है।
महापौर श्री पांडेय ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने का निर्णय देश में महिला सशक्तिकरण को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। इससे राजनीति में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका और अधिक सशक्त बनेगी।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पिछले वर्षों में महिलाओं के कल्याण और उत्थान के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं से उनके जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम इन्हीं प्रयासों की एक मजबूत कड़ी है, जो महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में समान भागीदारी दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
बस्तर की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए महापौर ने कहा कि यहां नारी शक्ति को मां दंतेश्वरी के रूप में पूजनीय माना जाता है। ऐसे में यह अधिनियम क्षेत्र की भावनाओं और परंपराओं के अनुरूप एक सार्थक पहल है।
अंत में उन्होंने इस महत्वपूर्ण विधेयक के लिए केंद्र सरकार एवं प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इसके प्रभावी क्रियान्वयन से देश में महिला सशक्तिकरण को नई गति मिलेगी और लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा।


No comments