जगदलपुर/दरभा(विमलेंदु शेखर झा): बस्तर जिले के दरभा विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छिंदबहार की कक्षा 10वीं की छात्रा रागिन...
जगदलपुर/दरभा(विमलेंदु शेखर झा):
बस्तर जिले के दरभा विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छिंदबहार की कक्षा 10वीं की छात्रा रागिनी बघेल ने जूनियर राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता में चयनित होकर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के दम पर रागिनी ने यह उपलब्धि हासिल की है। वह दाएं हाथ की तेज गेंदबाज (फास्ट बॉलर) के रूप में टीम में शामिल की गई हैं।
रागिनी की सफलता के पीछे विद्यालय के पीटीआई नोहर सिंह सलाम और व्याख्याता प्रमोद कुमार मरावी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। दोनों प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास ने ही रागिनी को इस मुकाम तक पहुंचाया। विशेष रूप से दशहरा अवकाश के दौरान भी विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया गया, जिससे खिलाड़ियों की तैयारी मजबूत बनी रही।
गौरतलब है कि इस वर्ष राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए कुल 5 बालिकाओं का चयन हुआ था, जिनमें रागिनी बघेल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर के लिए अपनी जगह बनाई। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और विद्यालय, बल्कि पूरे बस्तर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।
रागिनी 26 अप्रैल को अपने पिता के साथ जगदलपुर से बिलासपुर के लिए रवाना हुईं। इसके बाद 27 अप्रैल को उसलापुर रेलवे स्टेशन, बिलासपुर से दिल्ली के लिए प्रस्थान किया, जहां वे जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य दीपक कुमार घोष सहित समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ ने रागिनी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी ने आशा जताई है कि रागिनी राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।


No comments