रायपुर: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बस्तर में आयोजित होने वाली मध्य क्षेत्र परिषद की बैठक को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला ...
रायपुर:
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बस्तर में आयोजित होने वाली मध्य क्षेत्र परिषद की बैठक को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij ने कहा कि जब प्रधानमंत्री देशवासियों से पेट्रोल-डीजल बचाने और वर्क फ्रॉम होम अपनाने की अपील कर रहे हैं, तब केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा सरकार स्वयं उस अपील का पालन क्यों नहीं कर रहे हैं।
दीपक बैज ने सवाल उठाया कि जब सभी राज्यों के सचिवालय और गृह मंत्रालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा उपलब्ध है, तब मध्य क्षेत्र परिषद की बैठक वर्चुअल माध्यम से क्यों नहीं आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि इस बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और अधिकारी विशेष विमानों से बस्तर पहुंचेंगे, जिससे लाखों रुपये खर्च होंगे और ईंधन की खपत भी बढ़ेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बस्तर में बैठक आयोजित करना भाजपा का राजनीतिक प्रचार है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार लगातार नक्सलवाद खत्म होने के दावे कर रही हैं, लेकिन हाल ही में कांकेर में चार जवानों की शहादत ने जमीनी हकीकत उजागर कर दी है। इसके बावजूद भाजपा राजनीतिक संदेश देने के लिए बस्तर को मंच बना रही है।
दीपक बैज ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार बस्तर में उद्योगपतियों के हित साधने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मध्य क्षेत्र परिषद की बैठक का उद्देश्य बस्तर में “रेड कार्पेट” बिछाकर बड़े कॉर्पोरेट घरानों को लाभ पहुंचाना है।
कांग्रेस ने केंद्र सरकार से बस्तर के विकास के लिए विशेष आर्थिक पैकेज की मांग भी उठाई। बैज ने कहा कि डबल इंजन सरकार को बस्तर में रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए 50 हजार करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की घोषणा करनी चाहिए। साथ ही प्रत्येक नक्सल मुक्त पंचायत को एक करोड़ रुपये देने की मांग भी की।
पेट्रोल-डीजल संकट और महंगाई के मुद्दे पर भी कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा। दीपक बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद देशभर में पेट्रोल-डीजल की कमी की आशंका से अफरा-तफरी का माहौल बना और कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी और खाद्य सामग्रियों के दाम बढ़ने से आम जनता परेशान है।
कांग्रेस ने केंद्रीय गृहमंत्री से मांग की है कि वे बस्तर और देश में बढ़ती महंगाई, ईंधन संकट और विकास के मुद्दों पर स्पष्ट जवाब दें।


No comments