जगदलपुर: शहर के विकास को नई गति देते हुए गुरु गोविंद सिंह वार्ड क्रमांक-36 में सीसी सड़क एवं आरसीसी नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ मंगलवार ...
जगदलपुर: शहर के विकास को नई गति देते हुए गुरु गोविंद सिंह वार्ड क्रमांक-36 में सीसी सड़क एवं आरसीसी नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ मंगलवार को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। महापौर संजय पांडे, निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन एवं वार्डवासियों की उपस्थिति में निर्माण कार्य की शुरुआत हुई।
गौरतलब है कि हाल ही में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, बस्तर सांसद महेश कश्यप तथा महापौर संजय पांडे द्वारा करीब 24 करोड़ 72 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया था। इनमें दलपत सागर के विकास एवं सौंदर्यीकरण, मुक्तिधाम से समूद चौक, पावर हाउस से पंच पथ चौक और आमागुड़ा चौक तक सड़क चौड़ीकरण सहित शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क और नाली निर्माण कार्य शामिल हैं।
इसी कड़ी में गुरु गोविंद सिंह वार्ड में लगभग 20 लाख 98 हजार रुपए की लागत से विभिन्न निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। इनमें ग्रीन सिटी में कश्यप निवास के सामने से गोविंदनी विला तक आरसीसी नाली निर्माण, सड़कपारा मानव संग्रहालय के सामने आरसीसी नाली एवं सीसी सड़क निर्माण तथा फूलों गली स्थित एमपीएम हॉस्पिटल के आगे अगहनपुर स्कूल के पास सीसी सड़क एवं आरसीसी नाली निर्माण कार्य शामिल हैं।
निर्माण कार्य शुरू होने पर वार्डवासियों ने विधायक किरण सिंह देव, सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पांडे, निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन एवं वार्ड पार्षद संग्राम सिंह राणा के प्रति आभार व्यक्त किया।
महापौर संजय पांडे ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्य लगातार तेज गति से किए जा रहे हैं। जनता की मांग और आवश्यकता के अनुरूप सड़क, नाली एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे शहर की तस्वीर तेजी से बदल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के नेतृत्व में जगदलपुर में चौमुखी विकास का दौर जारी है और आने वाले समय में भी विकास कार्य निरंतर चलते रहेंगे।
वहीं वार्ड पार्षद संग्राम सिंह राणा ने विधायक, सांसद और महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वार्ड में लंबे समय से सड़क और नाली निर्माण की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो रही है। इससे वार्डवासियों में खुशी का माहौल है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरसिंग राव, लोक कर्म विभाग सभापति निर्मल पाणिग्रही, स्वच्छता सभापति सुरेश गुप्ता, आवास नियोजन सभापति योगेंद्र पांडे, पार्षद नेहा ध्रुव, संतोष गौर, श्यामसुंदर बघेल, सुरेश कश्यप, वाई.वी.एस. राव, किशोर कुमार कश्यप, एम. भगत, देवासिस विश्वास, सत्यनारायण जोशी, राजेंद्र नाग, बिलास साहा, देवकी भगत, आरती फिलिप्स, ममता खरे, सब इंजीनियर दिलीप मरकाम, ठेकेदार मुकेश गुप्ता, शांति कुमार शुक्ला सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।


No comments