जगदलपुर: शहर के नया बस स्टैण्ड स्थित सार्वजनिक सुलभ शौचालयों का महापौर संजय पाण्डे ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शौचालय परिसर एवं...
जगदलपुर: शहर के नया बस स्टैण्ड स्थित सार्वजनिक सुलभ शौचालयों का महापौर संजय पाण्डे ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शौचालय परिसर एवं आसपास फैली गंदगी को देखकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित संचालक को कड़ी फटकार लगाते हुए साफ-सफाई व्यवस्था तत्काल सुधारने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि सार्वजनिक उपयोग के इन स्थानों पर स्वच्छ वातावरण एवं बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नया बस स्टैण्ड जैसे अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने आम नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुलभ शौचालयों में मूत्रालय का उपयोग पूरी तरह निःशुल्क है और इसके लिए किसी से भी शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर यूरिन न करने और शौचालयों एवं मूत्रालयों का ही उपयोग करने की अपील की।
महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी सुलभ शौचालयों में लगाए जाने वाले फ्लैक्स एवं सूचना बोर्ड पर “मूत्रालय उपयोग निःशुल्क है” बड़े और स्पष्ट अक्षरों में लिखा जाए, ताकि आमजन को सही जानकारी मिल सके और अनावश्यक शुल्क वसूली जैसी शिकायतों पर रोक लगाई जा सके।
नगर निगम की सफाई टीम को नियमित सफाई, कचरा उठाव और शौचालयों की सतत निगरानी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। महापौर ने कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है तथा इसमें आम नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है।
इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, स्वच्छता सभापति लक्ष्मण झा, एमआईसी सदस्य निर्मल प्रसाद पाणिग्राही, संजय विश्वकर्मा, आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा गोपाल भारद्वाज, अमर सिंह, हेमंत श्रीवास, योगेश पाण्डे, सुलभ संचालक मुकेश सिंह, राजकुमार पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित


No comments