जगदलपुर: बस्तर के चित्रकोट क्षेत्र में एक ईसाई मतांतरित व्यक्ति के अंतिम संस्कार को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सोशल मीडिया और पुलिस कार्रवाई ...
जगदलपुर: बस्तर के चित्रकोट क्षेत्र में एक ईसाई मतांतरित व्यक्ति के अंतिम संस्कार को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सोशल मीडिया और पुलिस कार्रवाई तक पहुँच गया है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने चित्रकोट ग्राम पंचायत के वर्तमान सरपंच एवं कांग्रेस नेता भंवर मौर्य तथा उनके समर्थकों के खिलाफ थाना लोहण्डीगुड़ा और चित्रकोट पुलिस चौकी में शिकायत सौंपकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
मामले को लेकर माहरा समाज और हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया है कि सरपंच द्वारा गांव की पारंपरिक व्यवस्था और सामाजिक नियमों के विपरीत जाकर ईसाई मतांतरित परिवार का समर्थन किया गया, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हुई।
बताया गया कि हाल ही में चित्रकोट क्षेत्र में एक ईसाई मतांतरित व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी। मृतक के परिजन शव को हिंदू समाज के मुक्तिधाम में दफनाने की तैयारी कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों के साथ विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी मौके पर पहुँचे। ग्रामीणों और समाज प्रमुखों की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अन्य धर्म के व्यक्ति का अंतिम संस्कार हिंदू मुक्तिधाम में नहीं होने दिया जाएगा।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान चित्रकोट के सरपंच भंवर मौर्य ने मृतक पक्ष का समर्थन किया, जिसका गांव के लोगों ने विरोध किया। बाद में प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद शव को जगदलपुर स्थित ईसाई कब्रिस्तान ले जाया गया, तब जाकर मामला शांत हुआ।
हालांकि विवाद इसके बाद और बढ़ गया। बजरंग दल जिला सह संयोजक सनी रेली ने आरोप लगाया कि घटना के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ग्राम पंचायत चित्रकोट की आईडी से एक वीडियो पोस्ट किया गया, जिसमें हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को “गाँव का माहौल खराब करने आए बेरोजगार दल” बताया गया और सरपंच को “शेर” के रूप में प्रस्तुत किया गया।
बजरंग दल का कहना है कि उक्त पोस्ट पर कई आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं, जिनमें हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल हुआ। इन टिप्पणियों के स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंपे गए हैं और संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
पूर्व सरपंच बुटकी बाई ने भी वर्तमान सरपंच पर गांव की परंपराओं की अनदेखी करने और मतांतरित लोगों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। वहीं माहरा समाज के पदाधिकारी घनश्याम नाग ने समाज की परंपराओं से खिलवाड़ नहीं करने की चेतावनी देते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अजय बघेल, नानीराम, किशोर सुर, झितरू कश्यप, कोसरु कश्यप, रुपनाथ कश्यप, लछिंद कश्यप, जनिल ठाकुर, मनीराम कावड़े, रतिराम चौहान, मानकुराम, जगतराम नाग, अनिल नाग, सिकंदर कश्यप, घनश्याम नाग, होमेश राठौर, योगेश रेली, मुन्ना बजरंगी, विवेक शुक्ला, गुड्डू, सहदेव और विनोद पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं बजरंग दल कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No comments