जगदलपुर: बस्तर जिले के तोकापाल और बास्तानार विकासखंड में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम ग्रामीणों के लिए राहत, समाधान और विश्वास का बड़ा मं...
जगदलपुर: बस्तर जिले के तोकापाल और बास्तानार विकासखंड में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम ग्रामीणों के लिए राहत, समाधान और विश्वास का बड़ा मंच बनकर सामने आया। ग्राम पंचायत करंजी सहित विभिन्न पंचायतों में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक विनायक गोयल ने पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
तोकापाल ब्लॉक की ग्राम पंचायत करंजी में 10 पंचायतों तथा बास्तानार ब्लॉक में 17 पंचायतों के संयुक्त सुशासन तिहार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना रहा। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में लोगों की शिकायतें और आवेदन प्राप्त किए गए, जिनमें कई मामलों का तत्काल निराकरण भी किया गया।
राजस्व, पंचायत, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, आदिवासी विकास और वन विभाग सहित कई विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। यहां ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विनायक गोयल ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि आम जनता को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है। विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को वन भूमि पट्टा, प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबियां, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े दस्तावेज और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। हितग्राहियों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार गांव स्तर पर इतनी सुविधाएं और समाधान एक साथ उपलब्ध हुए हैं।
सुशासन तिहार में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान भी आकर्षण का केंद्र रहा। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मंच पर सम्मानित कर पुरस्कार दिए गए। विधायक विनायक गोयल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। ग्रामीणों ने अपनी मांगें और समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के समक्ष रखीं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, कृषि विभाग द्वारा किसानों को आधुनिक कृषि संबंधी जानकारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण और महिला सशक्तिकरण योजनाओं की जानकारी दी गई।
सुशासन तिहार के इस आयोजन ने ग्रामीण क्षेत्रों में शासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने का काम किया है। विधायक विनायक गोयल की सक्रिय मौजूदगी से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए ऐसे आयोजन नियमित रूप से कराने की मांग की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मण्डावी, जिला पंचायत सदस्य पदमनी कश्यप, जनपद अध्यक्ष महावती मण्डावी, उपाध्यक्ष रितेश दास जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





No comments