जगदलपुर: चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में ग्राम पंचायत बिंता में विभिन्न विकास ...
जगदलपुर: चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में ग्राम पंचायत बिंता में विभिन्न विकास कार्यों का भव्य भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक विनायक गोयल ने कुल 1148.52 लाख रुपए की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विनायक गोयल ने कहा कि भाजपा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सड़क, पुल-पुलिया और सामुदायिक भवन जैसे निर्माण कार्य गांवों की तस्वीर बदलने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और आवागमन की सुविधाएं मजबूत होंगी तथा किसानों और ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति मिली है। भेजा से मुण्डापारा तक 2.93 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य 331.97 लाख रुपए की लागत से किया जाएगा। सतसपुर डोगरीपारा से महारापारा टोवर (करेकोट) तक 2.20 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य 223.02 लाख रुपए की लागत से निर्मित होगा।
इसी प्रकार ककनार कलारपारा से कुसुमगुड़ा वाया खैरगुड़ा तक 2.78 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य 326.37 लाख रुपए तथा पालम से पुसपाल रोड द्ववारमुण्डया तक 2.16 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य 252.37 लाख रुपए की लागत से कराया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण से दूरस्थ गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
ग्राम पंचायत बिंता में मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद के अंतर्गत 2 मीटर आरसीसी पुलिया निर्माण कार्य 6 लाख रुपए तथा 1.5 मीटर स्पान की आरसीसी पुलिया निर्माण कार्य 3.80 लाख रुपए की लागत से स्वीकृत किया गया है। इसके अलावा विधायक निधि अंतर्गत सामुदायिक भवन निर्माण कार्य के लिए 4.99 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है।
विधायक विनायक गोयल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को जल्द लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान और मजदूरों के हित में लगातार कार्य कर रही है और आने वाले समय में भी विकास कार्यों की यह श्रृंखला जारी रहेगी।
ग्रामीणों ने लंबे समय से सड़क और पुल-पुलिया निर्माण की मांग पूरी होने पर खुशी जताते हुए विधायक और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मण्डावी, जनपद अध्यक्ष पदमा कश्यप, उपाध्यक्ष बसंत कश्यप, मंडल अध्यक्ष मंगतुराम कश्यप, पूर्व मंडल अध्यक्ष नरसिंह ठाकुर, सुदरू सेठिया, अजय बघेल, भरत कश्यप, तरुण पानीग्राही, चन्द्रशेखर ठाकुर, रंजीता जोशी, महेश नाग, गुलमनी, परमेश्वर, नरेश, दीनदयाल, चमलु, एसडीओ, सीईओ सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



No comments