73 किसान परिवारों की 350 एकड़ कृषि भूमि प्रभावित होने की आशंका, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा): बस्तर विकासखंड अंतर्गत ग...
73 किसान परिवारों की 350 एकड़ कृषि भूमि प्रभावित होने की आशंका, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा):
बस्तर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पिपलावंड के आश्रित ग्राम जामगुड़ा के किसानों ने अपनी कृषि भूमि पर वन विभाग द्वारा प्रस्तावित तालाब निर्माण कार्य का विरोध करते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। किसानों के साथ युवा कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं आदिवासी नेता हेमंत कश्यप ने मंगलवार को कलेक्टर बस्तर एवं वनमंडल अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य तत्काल रोकने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया है कि ग्राम जामगुड़ा के लगभग 73 किसान परिवार वर्ष 1971 से करीब 350 एकड़ भूमि पर कृषि कार्य करते आ रहे हैं। किसानों का कहना है कि उक्त भूमि पर उनका परंपरागत एवं वैधानिक अधिकार है, लेकिन वन विभाग द्वारा इसी क्षेत्र में तालाब निर्माण प्रस्तावित किया गया है, जिससे उनकी कृषि भूमि और आजीविका प्रभावित हो सकती है।
हेमंत कश्यप ने कहा कि आदिवासी और किसान परिवारों का जीवन कृषि पर आधारित है। बिना समुचित सर्वेक्षण, जानकारी और किसानों की सहमति के किसी भी निर्माण कार्य को आगे बढ़ाना उचित नहीं होगा। उन्होंने प्रभावित किसानों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से प्रस्तावित निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा किसानों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
वनमंडल अधिकारी के प्रतिनिधि एवं एसडीओ शिवेंद्र ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच करवाने और आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने के दौरान हेमंत कश्यप, सुदार कश्यप, रामदास बघेल, सुखदेव कश्यप, तोरका, रामलाल मंडावी, विजय भारती, ज्ञानचंद, देवनाथ सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।



No comments