दंतेवाड़ा: नगर पंचायत बारसूर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (1.0) के तहत वर्षों से अधूरे पड़े आवासों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। निकाय क्षेत...
दंतेवाड़ा: नगर पंचायत बारसूर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (1.0) के तहत वर्षों से अधूरे पड़े आवासों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। निकाय क्षेत्र में ऐसे 51 हितग्राहियों की पहचान की गई है, जिन्होंने निर्धारित समय सीमा के बाद भी आवास निर्माण पूरा नहीं किया। नगर पंचायत की टीम ने सभी आवासों का निरीक्षण कर संबंधित हितग्राहियों को नोटिस जारी करते हुए सितंबर माह से पहले निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
नगर पंचायत के अनुसार, योजना के अंतर्गत विभिन्न किश्तों की राशि प्राप्त करने के बावजूद कई हितग्राहियों ने निर्माण कार्य को निर्धारित स्तर तक पूरा नहीं किया। फाउंडेशन स्तर की राशि प्राप्त करने वालों को लिंटल स्तर तक, लिंटल स्तर की राशि प्राप्त करने वालों को रूफ स्तर तक तथा रूफ स्तर की राशि प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को फिनिशिंग स्तर तक निर्माण कार्य पूरा करना था। इसके बावजूद कई आवास वर्षों से अधूरे हैं।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने बताया कि नगर पंचायत की टीम घर-घर जाकर आवासों का निरीक्षण कर रही है और हितग्राहियों से लगातार संपर्क कर निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा तक निर्माण कार्य पूरा नहीं करने वाले हितग्राहियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


No comments