दंतेवाड़ा: भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) दंतेवाड़ा द्वारा आयोजित 30 दिवसीय ग्रामीण राजमिस्त्री प्रशिक्...
दंतेवाड़ा: भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) दंतेवाड़ा द्वारा आयोजित 30 दिवसीय ग्रामीण राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को भवन निर्माण के क्षेत्र में तकनीकी दक्षता प्रदान कर रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना था।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने व्यावहारिक अभ्यास के तहत पुनर्वास केंद्र में 10 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया। इससे उन्हें वास्तविक निर्माण कार्य का अनुभव प्राप्त हुआ और उनकी तकनीकी दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
प्रशिक्षण अवधि में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दंतेवाड़ा ने प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण कर प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य के लिए प्रेरित किया। वहीं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत गीदम ने भी समय-समय पर प्रशिक्षण का निरीक्षण कर आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
समापन समारोह में अग्रणी जिला प्रबंधक एवं प्रभारी निदेशक, आरसेटी दंतेवाड़ा सुरेंद्र काकड़े ने प्रशिक्षणार्थियों को राजमिस्त्री टूलकिट वितरित करते हुए कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भारतीय स्टेट बैंक दंतेवाड़ा के शाखा प्रबंधक लोकेश रामटेके ने प्रधानमंत्री मुद्रा ऋण योजना सहित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देकर प्रतिभागियों को स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में फैकल्टी ओम प्रकाश साहू, लोकेश कुंजाम, तकनीकी सहायक रेणुका कुमेटी, संस्थान के कर्मचारी एवं सभी प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।


No comments