भोपालपटनम/तिमेड़ (विमलेंदु शेखर झा): बीजापुर जिले के भोपालपटनम विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तिमेड़ के आश्रित ग्राम भटपल्ली से शिक्षा के क्...
भोपालपटनम/तिमेड़ (विमलेंदु शेखर झा):
बीजापुर जिले के भोपालपटनम विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तिमेड़ के आश्रित ग्राम भटपल्ली से शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल सामने आई है। पंचायत की सरपंच लक्ष्मी वासम ने सरकारी प्राथमिक विद्यालय में लंबे समय से बनी एकल शिक्षक की समस्या को देखते हुए अपने मानदेय से शिक्षिका नियुक्त कर बच्चों के भविष्य को संवारने का सराहनीय निर्णय लिया है।
जानकारी के अनुसार शासकीय प्राथमिक शाला भटपल्ली में लंबे समय से केवल एक शिक्षक पदस्थ होने के कारण बच्चों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। शिक्षक के अन्य शासकीय कार्यों में व्यस्त रहने से विद्यालय संचालन में भी कठिनाइयाँ आ रही थीं। इस स्थिति को देखते हुए सरपंच लक्ष्मी वासम ने सरकारी प्रक्रिया की प्रतीक्षा करने के बजाय स्वयं पहल करते हुए अपने ₹3,000 प्रतिमाह के मानदेय से गांव की शिक्षित युवती लाड़ली चिड़ेम लक्ष्मी को शिक्षिका के रूप में नियुक्त किया।
इस पहल का एक मानवीय पक्ष भी है। नियुक्त की गई शिक्षिका लाड़ली चिड़ेम लक्ष्मी अनाथ हैं। उनके माता-पिता का निधन हो चुका है और वे आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर परिवार से हैं। सरपंच के इस निर्णय से एक ओर जहां विद्यालय के बच्चों को अतिरिक्त शिक्षण सहयोग मिला है, वहीं दूसरी ओर गांव की एक शिक्षित बेरोजगार युवती को सम्मानजनक रोजगार भी प्राप्त हुआ है।
ग्रामीणों ने सरपंच की इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे शिक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है। उनका कहना है कि यदि जनप्रतिनिधि इसी प्रकार जनहित के मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तो ग्रामीण क्षेत्रों की कई समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकता है।
इस अवसर पर पूर्व जनपद उपाध्यक्ष टी. गोवर्धन राव, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती तनूजा कुम्मर, उपसरपंच महेश रायपुर सहित ग्राम के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



No comments