रायपुर: रायपुर जिले के धरसीवा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नकटी में हुई कथित बुलडोजर कार्रवाई को लेकर शिवसेना ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर...
रायपुर:
रायपुर जिले के धरसीवा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नकटी में हुई कथित बुलडोजर कार्रवाई को लेकर शिवसेना ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शिवसेना के प्रदेश महासचिव चंद्रमौली मिश्रा के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना।
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने रात के समय ग्रामीणों के मकानों पर बुलडोजर चलाकर तोड़फोड़ की, जिससे कई परिवार बेघर हो गए और लोगों में भय एवं आक्रोश का माहौल है। शिवसेना नेताओं का कहना है कि कार्रवाई के दौरान प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था का समुचित प्रबंध नहीं किया गया तथा उन्हें अब तक उनके मकानों का उचित मुआवजा भी नहीं मिला है।
प्रदेश महासचिव चंद्रमौली मिश्रा ने कहा कि किसी भी कार्रवाई से पहले प्रभावित लोगों के अधिकारों और मानवीय पहलुओं का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि जिन परिवारों के मकान तोड़े गए हैं, उनका शीघ्र उचित पुनर्वास किया जाए, उनके नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए तथा कथित रूप से जबरन बुलडोजर कार्रवाई करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
शिवसेना ने चेतावनी दी कि यदि प्रभावित ग्रामीणों को जल्द न्याय नहीं मिला और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो पार्टी इस मुद्दे को लेकर व्यापक जनआंदोलन छेड़ने पर मजबूर होगी।


No comments