उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा के प्रति महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास ने जताया आभार शिवरीनारायण। क्षेत्र के विद्यार्थियों के ...
उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा के प्रति महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास ने जताया आभार
शिवरीनारायण। क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी खुशखबरी सामने आई है। छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने श्री महन्त लाल दास कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, शिवरीनारायण में बीकॉम, बीएससी माइक्रोबायोलॉजी, बीएससी बायोटेक्नोलॉजी तथा एमए भूगोल के नए संकाय प्रारंभ करने की अनुमति प्रदान कर दी है। शिक्षा सत्र 2026-27 से इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश शुरू होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
स्वीकृति के अनुसार महाविद्यालय में बीकॉम के लिए 40 सीटों का नया संकाय, एमए भूगोल के लिए 25 सीटों का नया संकाय तथा बीएससी माइक्रोबायोलॉजी एवं बीएससी बायोटेक्नोलॉजी में 30-30 सीटों की अतिरिक्त मान्यता प्रदान की गई है। इस निर्णय से क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और आर्थिक व्यय दोनों की बचत होगी।
महाविद्यालय में नई स्वीकृतियों की खबर मिलते ही शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल है। इसे क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
इस उपलब्धि पर महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज ने छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के इस निर्णय से ग्रामीण एवं अंचल के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज ने अपने सहयोगियों के साथ उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की थी। इस दौरान शिवरीनारायण मठ ट्रस्ट समिति के सदस्य सुखराम दास, मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव तथा हर्ष दुबे भी उपस्थित थे।



No comments