राज्य सहकारी संघ के प्रतिनिधिमंडल का बस्तर प्रवास, सहकारी नेतृत्व के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक जगदलपुर: छत्तीसगढ़ में सहकारिता आंदोलन को ग...
राज्य सहकारी संघ के प्रतिनिधिमंडल का बस्तर प्रवास, सहकारी नेतृत्व के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक
जगदलपुर: छत्तीसगढ़ में सहकारिता आंदोलन को गति देने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘सहकार से समृद्धि’ की परिकल्पना को धरातल पर साकार करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ के प्रतिनिधिमंडल का बस्तर प्रवास शुरू हुआ है। 17 से 20 अगस्त तक चलने वाले इस प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल विभिन्न सहकारी संस्थाओं एवं सहकारी नेतृत्व से संवाद करेगा।
प्रवास के प्रथम दिन जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सभागार में बस्तर जिले के सहकारी नेतृत्व के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य सहकारी संघ के प्राधिकृत अधिकारी सौरभ शर्मा, सहकार भारती के प्रदेश संगठन मंत्री एवं संघ के मानसेवी सदस्य कनीराम तथा सहकार भारती के राष्ट्रीय महामंत्री एवं मध्य क्षेत्र प्रमुख दिलीप पाटिल प्रमुख रूप से शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए सौरभ शर्मा ने कहा कि “सहकारिता कोई कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन है।” उन्होंने सहकारिता को ‘मैं से हम’ की यात्रा बताते हुए सभी सहकारी संस्थाओं को मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सहकारी आंदोलन का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सामूहिक प्रयासों के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण पहुंचाना है।
कनीराम ने कहा कि नक्सलवाद से प्रभावित रहे बस्तर में अब गांव, गरीब और किसान को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहकारिता महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। वहीं दिलीप पाटिल ने सहकारिता के माध्यम से रोजगार के अवसरों का सृजन करने तथा आत्मनिर्भरता की भावना को गांव-गांव तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए सहकारी आंदोलन में संघ एवं समितियों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने सहकारी नेतृत्व से प्रत्येक संस्था के सदस्य तक संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।
बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने सहकारवाद को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए सहकारी संस्थाओं में मिले दायित्वों का निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की। जिला सहकारी संघ के प्राधिकृत अधिकारी वेदांत दीक्षित ने भी संस्थाओं के विकास को लेकर अपने विचार रखे।
बैठक में प्रदेश सहसंयोजक रंजीत पांडे, सहकारिता प्रकोष्ठ के संयोजक मनोहर तिवारी, प्राधिकृत परेश बसेरा, विभिन्न विकासखंडों से आए लैम्प्स एवं सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा सहकारी नेतृत्व मौजूद रहा।
प्रतिनिधिमंडल ने बस्तर प्रवास के दौरान राज्य सहकारी संघ के संभागीय कार्यालय एवं विभिन्न सहकारी समितियों का भी दौरा किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल दक्षिण बस्तर के लिए रवाना हुआ।


No comments