धार्मिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने प्रशासन से समितियों को समय पर दिशा-निर्देश देने का आग्रह जगदलपुर: पितृ पक्ष की धार्मिक एवं आध्यात्म...
धार्मिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने प्रशासन से समितियों को समय पर दिशा-निर्देश देने का आग्रह
जगदलपुर: पितृ पक्ष की धार्मिक एवं आध्यात्मिक मर्यादा बनाए रखने तथा इस अवधि में गणपति विसर्जन की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए ‘सक्षम’ सनातन क्षेत्रीय मंच ने नगर पुलिस अधीक्षक, जगदलपुर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने प्रशासन से गणपति उत्सव समितियों के साथ समय रहते समन्वय कर विसर्जन की तिथियों एवं धार्मिक परंपराओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।
सक्षम के नगर अध्यक्ष दिलीश जोशी ने नगर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि डीजे, जुलूस अथवा अन्य व्यवस्थागत कारणों से गणपति विसर्जन की तिथि पितृ पक्ष तक आगे नहीं बढ़ाई जानी चाहिए। इसके लिए प्रशासन द्वारा विसर्जन के दौरान पर्याप्त सुरक्षा, यातायात एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि समितियों को सुविधा के अभाव में तिथि आगे बढ़ाने की आवश्यकता न पड़े।
संगठन ने कहा कि सनातन परंपरा में पितृ पक्ष का विशेष धार्मिक महत्व है। यह समय दिवंगत पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और स्मरण का माना जाता है। इस दौरान श्रद्धालु श्राद्ध, तर्पण एवं अन्य पितृ कर्म करते हैं। ऐसे में इस अवधि की धार्मिक मर्यादा का सम्मान किया जाना आवश्यक है।
सक्षम ने स्पष्ट किया कि संगठन भगवान गणेश की आराधना अथवा गणपति उत्सव का विरोध नहीं करता। संगठन की मांग है कि गणपति स्थापना से विसर्जन तक की धार्मिक प्रक्रिया निर्धारित तिथियों और परंपराओं के अनुरूप संपन्न हो।
नगर अध्यक्ष दिलीश जोशी ने कहा कि धार्मिक आयोजन और प्रशासनिक व्यवस्थाएं दोनों महत्वपूर्ण हैं, लेकिन सुविधाओं के कारण धार्मिक तिथियों में बदलाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से स्थानीय पुरोहितों, धार्मिक विद्वानों एवं आयोजन समितियों के साथ समन्वय कर व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।


No comments