रायपुर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों की सैर और होटल-आवास की ऑनलाइन बुकिंग कराने जा रहे पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। ऑनलाइन बुकिंग के ना...
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों की सैर और होटल-आवास की ऑनलाइन बुकिंग कराने जा रहे पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी की आशंका को देखते हुए छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बोर्ड के अनुसार, कुछ अनधिकृत वेबसाइटों, मोबाइल नंबरों, सोशल मीडिया अकाउंट और संदिग्ध लिंक के जरिए छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम पर बुकिंग की पेशकश की जा रही है।
पर्यटन बोर्ड ने पर्यटकों से अपील की है कि होटल, पर्यटन आवास, टूर पैकेज अथवा अन्य पर्यटन सुविधाओं की बुकिंग के लिए केवल अधिकृत और विश्वसनीय माध्यमों का ही उपयोग करें। किसी अनजान वेबसाइट, सोशल मीडिया पेज या लिंक पर भरोसा कर भुगतान करने से पहले उसकी प्रामाणिकता की जांच जरूर करें।
कम कीमत का लालच देकर हो सकती है ठगी
साइबर ठग छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के नाम और लोगो के साथ पर्यटन स्थलों की तस्वीरों तथा प्रचार सामग्री का इस्तेमाल कर लोगों को भ्रमित कर सकते हैं। ठग आकर्षक ऑफर और बाजार से काफी कम कीमत में होटल या टूर पैकेज उपलब्ध कराने का दावा कर पहले भुगतान करा सकते हैं। रकम ट्रांसफर होने के बाद मोबाइल बंद कर या संपर्क से बाहर होकर ठगी को अंजाम दिया जा सकता है।
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज
पर्यटन बोर्ड ने कहा है कि यदि कोई वेबसाइट या व्यक्ति बेहद कम कीमत में बुकिंग का लालच दे, तत्काल भुगतान करने का दबाव बनाए या निजी बैंक खाते अथवा अनजान यूपीआई आईडी पर रकम भेजने के लिए कहे, तो विशेष सावधानी बरतें। सोशल मीडिया के माध्यम से बुकिंग कराने वाले अनजान अकाउंट, मोबाइल नंबर और संदिग्ध लिंक पर बिना सत्यापन के भुगतान नहीं करना चाहिए।
संदेह होने पर पहले करें पुष्टि
बोर्ड के मुताबिक, किसी बुकिंग वेबसाइट, लिंक, मोबाइल नंबर या सोशल मीडिया पेज की प्रामाणिकता को लेकर जरा भी संदेह हो तो भुगतान करने से पहले पर्यटन बोर्ड से जानकारी हासिल करनी चाहिए। पर्यटकों से यात्रा और बुकिंग संबंधी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक एवं विश्वसनीय स्रोतों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
छत्तीसगढ़ पर्यटन हेल्पलाइन:
📞 +91-7714224600
📞 18001026415
पर्यटन बोर्ड का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग करते समय थोड़ी सी सतर्कता बरतकर साइबर ठगी से बचा जा सकता है। पर्यटकों को किसी भी आकर्षक ऑफर पर तुरंत भरोसा करने के बजाय पहले उसकी पुष्टि करने की सलाह दी गई है।


No comments